8th Pay Commission : सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिल सकती हैं बड़ी राहत, 30% तक बढ़ेगी सैलरी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 11:35 PM (IST)
नेशनल डेस्क : आठवें वेतन आयोग को लेकर देशभर के लाखों सरकारी कर्मचारी और पेंशनधारी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं और अब उनकी उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार सैलरी और पेंशन में 30 से 34 प्रतिशत तक बढ़ोतरी संभव है, जिससे करीब 1.10 करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनर्स को फायदा मिल सकता है। एम्बिट इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज की रिपोर्ट में कहा गया है कि फिटमेंट फैक्टर और पे-मैट्रिक्स में बदलाव के चलते यह बढ़ोतरी पिछले वेतन आयोगों के बराबर या उससे ज्यादा हो सकती है।
हालांकि, भले ही 8वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2026 से लागू माना जा रहा है, लेकिन कर्मचारियों के खातों में बढ़ी हुई सैलरी आने में थोड़ा समय लग सकता है। पिछले अनुभवों के आधार पर माना जा रहा है कि वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान इसका वास्तविक लाभ मिलना शुरू होगा। इस देरी की भरपाई के लिए सरकार आमतौर पर एकमुश्त एरियर देती है, जिससे कर्मचारियों को राहत मिलती है।
इस बीच सरकार ने वेतन आयोग को लेकर सुझाव देने की समयसीमा बढ़ाकर 31 मार्च 2026 कर दी है। सभी संबंधित पक्षों से ऑनलाइन माध्यम के जरिए राय मांगी जा रही है और इसके लिए MyGov पोर्टल का इस्तेमाल करना होगा। ऐसे में अब सभी की नजरें सरकार के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जो कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
