एयर इंडिया पर DGCA का फिर एक्शन, लगाया 10 लाख रुपए का जुर्माना...जानिए अब क्या है मामला

punjabkesari.in Tuesday, Jan 24, 2023 - 04:16 PM (IST)

नेशनल डेस्क: एयर इंडिया पर विमानन नियामक डीजीसीए ने एक और मामले में एक्शन लेते हुए जुर्माना लगाया है। डीजीसीए ने पिछले साल 6 दिसंबर पेरिस-नई दिल्ली उड़ान के दौरान एक यात्री के गलत बर्ताव की घटना की जानकारी नहीं देने के लिए एयर इंडिया पर 10 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। पिछले साल दिसंबर में एयर इंडिया की पेरिस-दिल्ली फ्लाइट में सवार एक यात्री नशे की स्थिति में शौचालय में धूम्रपान करते हुए पाया गया था।

 

उसी उड़ान में एक अन्य यात्री ने बगल की खाली सीट पर रखे कंबल पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया था। उस समय बगल की सीट पर बैठी महिला यात्री शौचालय गई हुई थी। इस मामले में इससे पहले DGCA ने एयर इंडिया के जवाबदेह प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। नोटिस में DGCA  ने पूछा था कि 6 दिसंबर 2022 को पेरिस-नई दिल्ली उड़ान पर यात्रियों के दुर्व्यवहार से संबंधित नियामक दायित्वों की अवहेलना के लिए उनके खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए। 

 

कुछ दिन पहले भी लगा है जुर्माना

कुछ दिन पहले डीजीसीए ने एयर इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान के दौरान एक यात्री द्वारा महिला सहयात्री पर पेशाब करने की घटना के संदर्भ में एयरलाइन पर 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। DGCA ने उस विमान के प्रमुख पायलट (पायलट इन कमांड) का लाइसेंस भी तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही उसने कहा कि 26 नवंबर, 2022 को हुई इस घटना के संदर्भ में अपने कर्तव्यों के निर्वहन में विफल रहने पर एयर इंडिया की उड़ान सेवा निदेशक पर भी तीन लाख रुपएका जुर्माना लगाया गया है। यह घटना पिछले साल 26 नवंबर की है। एयर इंडिया की न्यूयॉर्क- दिल्ली उड़ान के दौरान शंकर मिश्रा नाम के एक यात्री ने कथित तौर पर एक महिला सहयात्री पर पेशाब कर दिया था। एयर इंडिया ने मिश्रा को चार महीने के लिए एयरलाइन में यात्रा करने से प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही आरोपी मिश्रा पुलिस हिरासत में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News