'Made In India' का धमाका, स्मार्टफोन बने भारत के सबसे बड़े एक्सपोर्ट प्रोडक्ट, पेट्रोलियम और हीरे को भी पछाड़ा
punjabkesari.in Sunday, May 18, 2025 - 04:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क। भारत अब स्मार्टफोन एक्सपोर्ट के मामले में दुनिया को चौंका रहा है। वित्त वर्ष 2025 (2024-2025) में भारत ने रिकॉर्ड 24.14 बिलियन डॉलर (लगभग 2 लाख करोड़ रुपये) के स्मार्टफोन का निर्यात किया है। यह पिछले वित्त वर्ष के 15.57 बिलियन डॉलर के एक्सपोर्ट से पूरे 55 प्रतिशत ज्यादा है। हाल ही में जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार भारत में बने 'मेड इन इंडिया' स्मार्टफोन की सबसे ज्यादा मांग अमेरिका, नीदरलैंड, इटली, जापान और चेक गणराज्य में है।
अमेरिका बना भारत का सबसे बड़ा स्मार्ट ग्राहक
भारत ने अकेले वित्त वर्ष 2024-2025 में अमेरिका को 10.6 बिलियन डॉलर के स्मार्टफोन का निर्यात किया है। यह आंकड़ा एक साल पहले अमेरिका को किए गए 5.57 बिलियन डॉलर के एक्सपोर्ट से लगभग दोगुना है। इस शानदार उछाल के साथ भारत का स्मार्टफोन निर्यात अब पेट्रोलियम उत्पादों और हीरे के कुल निर्यात मूल्य को भी पार कर गया है। इसका मतलब है कि भारत अब पेट्रोकेमिकल्स और हीरे से ज्यादा स्मार्टफोन बेच रहा है।
यह भी पढ़ें: खुशी-खुशी डेट पर पहुंचा शादीशुदा मर्द, होटल में मिलने बुलाया और फिर देख लिया कुछ ऐसा...
यूरोप भी भारतीय स्मार्टफोन्स का दीवाना
अमेरिका के अलावा नीदरलैंड ने पिछले वित्त वर्ष में भारत से 2.2 बिलियन डॉलर के आईफोन इम्पोर्ट किए। इसी तरह इटली ने 1.26 बिलियन डॉलर और चेक गणराज्य ने 1.17 बिलियन डॉलर के भारतीय स्मार्टफोन खरीदे। जापान भी अब भारतीय स्मार्टफोन्स का बड़ा खरीदार बन गया है। वित्त वर्ष 2025 में टोक्यो को स्मार्टफोन का निर्यात बढ़कर 520 मिलियन डॉलर तक पहुंच गया जबकि वित्त वर्ष 2022-2023 में यह केवल 120 मिलियन डॉलर था।
यह भी पढ़ें: दुनिया का सबसे ज्यादा बच्चे पैदा करने वाला ऐसा देश जिसने चीन भी छोड़ा पीछे, आंकड़ा हैरान करने वाला
सरकार की नीतियों ने दिखाया दम
पिछले दो वित्तीय वर्षों में स्मार्टफोन के निर्यात में यह अभूतपूर्व वृद्धि सरकार के प्रयासों का नतीजा है जिसमें उत्पादन-लिंक्ड प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। देश में कई नई स्मार्टफोन निर्माण इकाइयां खुलने से इस क्षेत्र में भारत की सप्लाई चेन मजबूत हुई है और भारी निवेश आकर्षित हुआ है।
आईफोन बनाने वाली दिग्गज कंपनी ऐप्पल जैसी बड़ी कंपनियां भी चीन से अपना मैन्युफैक्चरिंग बेस भारत में शिफ्ट कर रही हैं। इससे उत्पादन लागत में 5-8 प्रतिशत की मामूली वृद्धि के बावजूद स्मार्टफोन निर्माण के केंद्र के रूप में भारत पर वैश्विक भरोसा और मजबूत हुआ है। 'मेड इन इंडिया' स्मार्टफोन अब दुनिया भर में अपनी धाक जमा रहे हैं।