दिल्ली में सुबह से ही सताने लगी गर्मी, सामान्य से 3.8 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ न्यूनतम तापमान

punjabkesari.in Friday, Jul 17, 2026 - 10:25 AM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली में शुक्रवार की सुबह गर्म रही और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य तापमान से 3.8 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग ने दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई है। वहीं, दोपहर के दौरान गर्म और उमस भरी परिस्थितियां बने रहने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक यानी 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक 29.1 डिग्री सेल्सियस, जबकि लोधी रोड में सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम यानी 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में यह सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 187 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम', 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News