DELHI NEW CM: दिल्ली को मिलेगी महिला मुख्यमंत्री! इस नाम पर लगेगा फाइनल मुहर?
punjabkesari.in Sunday, Feb 16, 2025 - 01:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित हुए थे, जिसमें भाजपा ने 70 में से 48 सीटों पर जीत हासिल कर 27 साल के लंबे इंतजार के बाद दिल्ली में सरकार बनाने का रास्ता साफ किया। हालांकि, अब तक दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस बना हुआ है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे से लौटते ही मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा, और 19 या 20 फरवरी को शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई नवनिर्वाचित विधायकों के नाम सामने आए हैं, लेकिन इस लिस्ट में सबसे ऊपर रेखा गुप्ता का नाम चल रहा है। रेखा गुप्ता भाजपा की महिला उम्मीदवार हैं, और अगर भाजपा दिल्ली में महिला मुख्यमंत्री नियुक्त करती है तो उनका नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में सामने आ सकता है।
यह भी पढ़ें: BJP New President: ये अभिनेत्री होंगी बीजेपी की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष! दक्षिण की तैयारी में भाजपा?
रेखा गुप्ता का जीवन परिचय
रेखा गुप्ता का जन्म 1974 में हरियाणा के जींद जिले के जुलाना उपमंडल के नंदगढ़ गांव में हुआ था। जब वे दो साल की थीं, उनके पिता की नौकरी एसबीआई में बतौर मैनेजर लग गई थी और उनका परिवार 1996 में दिल्ली शिफ्ट हो गया। दिल्ली और हरियाणा का कनेक्शन होने के कारण रेखा गुप्ता का दोनों राज्यों से खास संबंध है। इसी वजह से भाजपा उन्हें दिल्ली में मुख्यमंत्री बनाने की दावेदार मान सकती है ताकि दोनों भाजपा शासित राज्यों के बीच संतुलन बना रहे।
राजनीतिक सफर की शुरुआत और शिक्षा
रेखा गुप्ता ने अपनी स्कूल और कॉलेज की शिक्षा दिल्ली में की। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़कर राजनीति में कदम रखा और दिल्ली विश्वविद्यालय में सचिव और प्रधान के रूप में अपनी भूमिका निभाई। इसके बाद, रेखा ने राजनीति में सक्रिय रहकर कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं और भाजपा में अपनी पहचान बनाई।
विधायक बनने के बाद मुख्यमंत्री की दौड़ में नाम
रेखा गुप्ता ने दिल्ली के शालीमार बाग से पहली बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। उन्होंने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को 30,000 वोटों के अंतर से हराकर अपनी जीत दर्ज की। इसके अलावा, रेखा गुप्ता दिल्ली नगर निगम में तीन बार पार्षद भी रह चुकी हैं, जो उनकी राजनीति में गहरी पकड़ को दर्शाता है।
आरएसएस से संबंध और भाजपा में ताकतवर स्थिति
रेखा गुप्ता का बचपन से आरएसएस से जुड़ाव रहा है, जो भाजपा में उनकी मजबूत स्थिति का कारण बनता है। भारत में जिन राज्यों में भाजपा ने मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में चौंकाया है, वहां सभी नेताओं का आरएसएस से गहरा कनेक्शन था। ऐसे में रेखा गुप्ता को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना है, क्योंकि उनका बैकग्राउंड भी आरएसएस से जुड़ा हुआ है।
सीएम बनने के सवाल पर रेखा गुप्ता का जवाब
जब रेखा गुप्ता से यह पूछा गया कि क्या वह दिल्ली की मुख्यमंत्री बन सकती हैं, तो उन्होंने कहा, "मैं भाजपा की कार्यकर्ता हूं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा।" रेखा ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह पार्टी का निर्णय है, और वह जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगी।