दिल्ली में आज भी हवा खराब, न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2020 - 12:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार की सुबह ठंड रही और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से चार डिग्री कम था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि मंगलवार को तापमान इतना कम था कि उसे शीतलहर की श्रेणी में रखा जा सकता था लेकिन बुधवार को ऐसा नहीं था। वहीं दिल्ली का एयर क्वालिटी आज भी खराब श्रेणी में रही। दिल्ली में सुबह धुंध की घनी चादर छाई हुई दिखाई दी। IMD ने कहा कि मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे होता है और लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहता है तब IMD शीतलहर की घोषणा करता है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था जो कि इस मौसम में सबसे कम था।

 

IMD के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि अगले चार से पांच दिन तक यह स्थिति बरकरार रहेगी। उन्होंने कहा कि इस साल नवंबर का महीना पिछले चार से पांच साल के मुकाबले सबसे ठंडा रहने वाला है। सामान्य तौर पर, सफदरजंग वेधशाला में नवंबर के पहले सप्ताह में न्यूनतम 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया जाता है। IMD के अधिकारियों के अनुसार, नवंबर के अंतिम सप्ताह तक पारा गिरकर 11-12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने कहा कि अगले तीन से चार दिन में न्यूनतम तापमान इकाई में दर्ज होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बादल छाए रहने के कारण दिल्ली में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन से चार दिन में हिमपात होने से वहां से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण दिल्ली का मौसम प्रभावित हुआ है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News