दिल्ली BMW हिट एंड रन: BMW हादसे की आरोपी महिला हिरासत में, जीटीबी अस्पताल से पुलिस ने दबोचा
punjabkesari.in Monday, Sep 15, 2025 - 03:22 PM (IST)
नेशनल डेस्क। दिल्ली में हुए एक दिल दहला देने वाले BMW हिट एंड रन मामले की आरोपी महिला डॉक्टर गगनप्रीत को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गगनप्रीत ने खुद को अस्वस्थ बताकर जीटीबी नगर स्थित न्यूलाइफ अस्पताल में भर्ती कराया था जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार डिप्टी डायरेक्टर नवजोत सिंह की मौत हो गई थी।
क्या हुआ था उस दिन?
हादसा दिल्ली के धौला कुआं के पास रिंग रोड पर हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नवजोत सिंह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर जा रहे थे तभी पीछे से एक तेज रफ्तार BMW कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नवजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार BMW एक महिला चला रही थी जबकि उसका पति पीछे की सीट पर बैठा था। हादसे के बाद आरोपी महिला और उसके पति घायलों को इलाज के लिए घटनास्थल से करीब 19 किलोमीटर दूर जीटीबी नगर के न्यूलाइफ अस्पताल ले गए।
#WATCH | Delhi Police took Gaganpreet, the accused in the Dhaula Kuan BMW accident case, into custody from Nulife Hospital, GTB Nagar. pic.twitter.com/nj8BWBMTMy
— ANI (@ANI) September 15, 2025
बेटे ने लगाए आरोप
मृतक नवजोत सिंह के बेटे नवनूर सिंह ने आरोप लगाया है कि अगर उनके माता-पिता को नजदीक के किसी अस्पताल में ले जाया जाता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। नवनूर के मुताबिक उनकी मां को चोटें आईं थीं लेकिन अस्पताल में उन्हें लॉबी में ही रखा गया जबकि बाद में आए एक अन्य व्यक्ति को कमरा दे दिया गया।
अस्पताल ने दी सफाई
इस पूरे मामले पर न्यूलाइफ अस्पताल की निदेशक डॉ. शकुंतला कुमार ने सफाई देते हुए कहा है कि सड़क दुर्घटना के बाद लाए गए मरीजों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया था और पुलिस को भी सूचित किया गया था। उन्होंने बताया कि नवजोत सिंह को मृत अवस्था में लाया गया था। उनकी पत्नी को स्थिर हालत में दूसरे अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया था।
#WATCH | Dhaula Kuan (Delhi) BMW accident | Director at Nulife Hospital, GTB Nagar, Dr Shakuntala Kumar says, "Around 2 PM yesterday, a medico-legal case related to a road accident involving a car and a motorcycle was brought to our hospital. First aid was offered, and the police… pic.twitter.com/ha2YyojvFu
— ANI (@ANI) September 15, 2025
डॉ. शकुंतला ने यह भी बताया कि BMW में सवार महिला और उसके पति को भी इलाज के लिए इमरजेंसी में भर्ती किया गया था। महिला को शुरुआती इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई जबकि पुरुष को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है। आरोपी महिला और उसका पति घोड़े के चमड़े से जुड़े कारोबार से जुड़े हैं।
