दिल्ली के जामिया नगर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा खुलासा, 62 सिलेंडर के साथ आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 02:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क : दिल्ली के जामिया नगर इलाके में गैस सिलेंडर की अवैध बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। जामिया नगर थाना की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शख्स को गिरफ्तार किया, जो उत्तर प्रदेश से सिलेंडर लाकर दिल्ली में ऊंची कीमतों पर बेच रहा था। मौके से पुलिस ने कुल 62 LPG सिलेंडर जब्त किए, जिनमें 48 भरे हुए और 14 खाली सिलेंडर शामिल थे।

संदिग्ध गाड़ी से हुई बरामदगी

16 मार्च को पुलिस टीम बीट पेट्रोलिंग पर थी, तभी जामिया नगर में एक टाटा ऐस गाड़ी संदिग्ध हालात में खड़ी दिखाई दी। गाड़ी में भारी संख्या में सिलेंडर थे। जब चालक से पूछताछ की गई, तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद गाड़ी की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 62 सिलेंडर बरामद हुए।

मेरठ से दिल्ली में अवैध सप्लाई

जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी रसीद के सिलेंडर महंगे दामों पर बेच रहा था। आरोपी मेरठ (उत्तर प्रदेश) से सिलेंडर लाकर जामिया नगर में सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक दिन पहले ही करीब 70 सिलेंडर बेच दिए थे। इस अवैध नेटवर्क में वाहन मालिक मुकेश का भी नाम सामने आया है, जिसके साथ मिलकर यह कारोबार चल रहा था। पुलिस अब मुकेश की तलाश कर रही है।

आरोपी की पहचान

पुलिस ने आरोपी की पहचान शाहनवाज (28) के रूप में की है। वह जामिया नगर के जोगा बाई एक्सटेंशन का रहने वाला है और मूल रूप से मेरठ, यूपी का निवासी है। जांच में पता चला कि वह करीब दो महीने पहले मुकेश के संपर्क में आया और उसके बाद यह अवैध कारोबार शुरू किया।

कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही, अवैध सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही टाटा ऐस गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News