दामिनी ऐप को 5 लाख लोगों ने किया डाउनलोड, बिजली गिरने से पहले देता है चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Apr 06, 2022 - 04:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पुणे के भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) द्वारा विकसित किया गया दामिनी आकाशीय बिजली ऐप किसी भी स्थान पर बिजली गिरने की चेतावनी 40 मिनट पूर्व दे देता है और अब तक पांच लाख से अधिक लोग इस मोबाइल ऐप को डाउनलोड कर चुके हैं। यह जानकारी सरकार ने बुधवार को लोकसभा में दी। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक लिखित उत्तर में लोकसभा में कहा कि ‘‘दामिनी ऐप किसी स्थान पर आकाशीय बिजली की चेतावनी भी प्रदान करता है। यह चेतावनी 40 मिनट के लिए मान्य होती है। उन्होंने कहा कि भारत में दामिनी ऐप को पांच लाख से ज्यादा लोग डाउनलोड कर चुके हैं।

 

मंत्री ने बताया कि पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के माध्यम से, नियमित अपडेटस के साथ-साथ पांच दिन पहले गरज के साथ तूफान और संबंधित मौसम घटनाओं के लिए पूर्वानुमान और चेतावनियां जारी करता है। उन्होंने बताया कि IITM देश में रणनीतिक रूप से चयनित 83 स्थानों पर संस्थापित संकेत संग्रह एवं प्रेषण सुविधाओं के लिए एक आकाशीय बिजली अवस्थिति नेटवर्क स्थापित किया है। इस नेटवर्क की केंद्रीय प्रसंस्करण सुविधा IITM में है। इसके आधार पर 500 मीटर से कम की सटीकता के साथ आकाशीय बिजली गिरने के स्थान की सूचना प्राप्त की जा सकती है।

 

वर्तमान में यह सुविधा सभी जिलों में और देशभर के लगभग 1084 केन्द्रों पर दी गई है। उन्होंने बताया कि IITM-पुणे ने दामिनी आकाशीय बिजली ऐप 2020 में विकसित किया था। यह ऐप भारत में होने वाली आकाशीय बिजली की सभी गतिविधियों की निगरानी कर रहा है तथा 20 किलोमीटर और 40 किलोमीटर के दायरे में जीपीएस अधिसूचना द्वारा उस व्यक्ति को सचेत करता है जिसके पास आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News