DA Hike: केंद्रीय कर्मचारियों की बल्ले- बल्ले! सरकार ने 3% बढ़ाया DA
punjabkesari.in Wednesday, Oct 01, 2025 - 03:04 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिवाली- दशहरे से पहले लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को की लॉटरी लग गई है। बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में महंगाई भत्ते (DA Hike) और महंगाई राहत (DR) में 3 % की बढ़ोतरी कर दी गई है। यानि की अब कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता 55 % से बढ़कर 58 % हो गया है।
जानकारी के लिए बता दें कि यह बढ़ोतरी 1 जुलाई, 2025 से प्रभावी मानी जाएगी। वहीं कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर—यानी तीन महीने का बकाया (एरियर)—दीवाली से ठीक पहले अक्टूबर की सैलरी के साथ दिया जाएगा। डीए में इस बढ़ोतरी से केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी में अच्छा-खासा इजाफा होगा, जिससे उनकी दिवाली की खुशियां दोगुनी हो जाएंगी। सरकार के इस फैसले से करीब 50 लाख से ज़्यादा कर्मचारियों और 65 लाख पेंशनभोगियों को सीधा फायदा मिलेगा।
कितनी बढ़ेगी आपकी सैलरी?
इस 3% की बढ़ोतरी से कर्मचारियों की मासिक आय में अच्छा-खासा इजाफा होगा। इसे एक उदाहरण से समझते हैं-
उदाहरण के लिए: यदि किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹30,000 है, तो उसे हर महीने ₹900 अतिरिक्त मिलेंगे। जिन कर्मचारियों का वेतन ₹40,000 है, उन्हें प्रति माह ₹1,200 अतिरिक्त मिलेंगे। कर्मचारियों को जुलाई, अगस्त और सितंबर—इन तीन महीनों का बकाया (एरियर) ₹2,700 से लेकर ₹3,600 तक मिलेगा। त्योहारों के इस समय में यह राशि एक बड़ी आर्थिक राहत देगी।
DA बढ़ोतरी का आधार और भविष्य
महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में यह संशोधन साल में दो बार होता है—जनवरी और जुलाई में। इसकी कैलकुलेशन औद्योगिक श्रमिकों के लिए अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI-IW) के आंकड़ों के आधार पर की जाती है। ऐसा माना जा रहा है कि यह सातवें वेतन आयोग के तहत अंतिम बड़ी बढ़ोतरी है, क्योंकि जनवरी 2026 से 8वां वेतन आयोग लागू होने की उम्मीद है।