बंगाल की खाड़ी पर 24 अक्तूबर तक चक्रवाती तूफान आने की संभावना, IMD का अलर्ट

punjabkesari.in Thursday, Oct 20, 2022 - 12:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में गुरुवार को कम दबाव वाला क्षेत्र बन रहा है और अगले चार दिन में इसके तीव्र होकर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। IMD के अनुसार, दक्षिण-पूर्व तथा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहा कम दबाव का क्षेत्र 22 अक्तूबर तक गहरे दबाव में और 24 अक्तूबर तक एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है।

 

IMD ने एक बयान में कहा, ‘‘उत्तरी अंडमान सागर और उसके आसपास चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के कारण उत्तरी अंडमान सागर व दक्षिण अंडमान सागर के आसपास के क्षेत्रों और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से औसतत 7.6 किलोमीटर तक उठ रहा है।'' बयान में कहा गया, ‘‘ इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 22 अक्तूबर तक मध्य व उससे सटी दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक गहरे दबाव क्षेत्र में तब्दील होने की आशंका है। इसके अगले 48 घंटे में पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान के और तीव्र होने की आशंका है।''

 

इस बीच, ओडिशा सरकार ने IMD के चक्रवात के पूर्वानुमान के मद्देनजर सात तटीय जिलों के प्रशासन को ‘अलर्ट' कर दिया है। गंजाम, पुरी, खुर्दा, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक और बालासोर जिलों में इसका असर दिख सकता है। अधिकारियों से सतर्क रहने और स्थिति पर करीबी नजर रखने को कहा गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने 23 अक्तूबर को पुरी, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान भी लगाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News