‘देश मना रहा दीवाली’, देशभर में रामलला के आने की खुशी, मंदिरों में जलाए गए दीये
punjabkesari.in Monday, Jan 22, 2024 - 08:21 PM (IST)
नेशनल डेस्कः अयोध्या में रामलला का आगमन हो चुका है। नए बने मंदिर में आर आज रामलला विराजमान हो चुके हैं और उनकी प्राण प्रतिष्ठा भी संपन्न हो गई है। अवध में राम के आगमन के साथ ही पूरा देश राममय हो गया है। शाम होते ही पूरा देश दीयों से जगमग हो उठा है जैसे मानों दीपावली मनाई जा रही है। अयोध्या समेत पूरा देश में दीपोत्सव की धूम है।

शाम होते ही पूरा देश दीयों से जगमग हो उठा है। लोग दीपावली की ही तरह अपने घरों को दीयों और लाइटों से सजा दिए हैं। इसके साथ-साथ आतिशबाजी भी देखने को मिली है। लोग अपने घरों की बालकनियों से लेकर छतों तक पर दीपक जला रहे हैं। पीएम मोदी ने प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले अयोध्या में एयरपोर्ट और अन्य विकास कार्यों के उद्घाटन के वक्त 22 जनवरी को दीपावली मनाने की अपील की थी।

अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी भी ‘राममय' हो गई। दिल्ली में, विशेष स्क्रीन के जरिये इस ऐतिहासिक क्षण का सीधा प्रसारण देखा गया और शहर में जगह-जगह भगवान राम के पोस्टर और उनके चित्र वाले भगवा झंडे नजर आए तथा कई स्थानों पर शोभायात्रा निकाली गई। दिल्ली में मंदिरों को विशेष रोशनी एवं पुष्पों से सजाया गया और ‘जय श्री राम' के उद्घोष राष्ट्रीय राजधानी में गूंजे। कई स्थानों पर लोगों ने सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया, शोभा यात्रा निकाली और भंडारे आयोजित किए गए।

बाजारों में हर्ष और उल्लास का माहौल है। कई स्थानों पर व्यापारियों ने मिठाइयां बांटी। सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। लोगों ने शोभा यात्राएं निकालीं और पटाखे जलाए। कई इलाकों में संगीत मंडलियों ने प्रस्तुतियां भी दीं।'' शोभायात्रा के दौरान लोग भक्ति गीतों पर नाचते एवं झूमते नजर आए। दिल्ली में बाजार शाम को दीयों से रोशन किए गए। भगवा झंडों, भगवान राम के पोस्टर और तस्वीरों की मांग बढ़ने के कारण इनकी कीमत भी बढ़ गई है।

अयोध्या में, राम मंदिर के गर्भगृह में सोमवार को श्री रामलला के नवीन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई जिसके साक्षी देश-विदेश में लाखों रामभक्त बने और इस अवसर पर विशेष अनुष्ठान में भाग लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसे अलौकिक क्षण बताते हुए ‘सियावर रामचंद्र की जय' और ‘जय श्री राम' का उद्घोष किया। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान सेना के हेलीकॉप्टरों ने नवनिर्मित रामजन्मभूमि मंदिर पर पुष्प वर्षा की। दिल्ली के बीचों-बीच स्थित कनॉट प्लेस में, प्राण प्रतिष्ठा समारोह के सीधा प्रसारण के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे।
