भयावह Video: अयोध्या में राम मंदिर के पास यज्ञशाला में भीषण आग: महायज्ञ का पंडाल जलकर खाक
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 04:43 PM (IST)
Ayodhya Fire: राम नगरी अयोध्या के राजघाट स्थित बाटी बाबा आश्रम के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यहाँ बनी एक विशाल महालक्ष्मी नारायण यज्ञशाला अचानक आग की लपटों में घिर गई। यह स्थान प्रसिद्ध राम मंदिर से महज 800 मीटर की दूरी पर स्थित है. आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते लगभग एक एकड़ में फैला पूरा यज्ञ स्थल जलकर राख हो गया. राहत की बात यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय यज्ञशाला खाली थी, जिससे किसी की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. हालांकि, इस आगजनी में लाखों रुपये की संपत्ति जलने का अनुमान लगाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के नेतृत्व में यह भव्य आयोजन 20 मार्च से 28 मार्च तक चल रहा था. संयोगवश, शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे पूर्णाहुति के साथ ही नौ दिवसीय महायज्ञ संपन्न हुआ था और श्रद्धालु वहां से सुरक्षित निकल चुके थे।
#अयोध्या
राजघाट में हो रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर मौजूद
स्वामी जीयर जी महाराज के द्वारा कराया जा रहा है श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ#Ayodhya #Fire #upnews #ShriLakshmiNarayan #Mahayagya pic.twitter.com/IgBmZE9dHU
— Punjab Kesari-UP/UK (@UPkesari) March 28, 2026
यज्ञ खत्म होने के कुछ ही देर बाद अज्ञात कारणों से लपटें उठने लगीं। घटना की खबर मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे सहित पुलिस कप्तान डॉ. गौरव ग्रोवर ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 10 गाड़ियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. करीब दो घंटे की भारी कोशिशों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. मुख्य अग्निशमन अधिकारी एमपी सिंह ने पुष्टि की है कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है. वहीं, मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि आग लगने की असल वजह अभी साफ नहीं है और इसके कारणों का पता लगाने के लिए एक तकनीकी टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है. प्रशासन फिलहाल मामले की गहराई से पड़ताल कर रहा है।
