भीषण सड़क हादसाः आमने सामने टकराए दो डंपर; जिंदा जल गए दोनों ड्राइवर

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 09:41 PM (IST)

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के थाना रजावली क्षेत्र में फिरोजाबाद-एटा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर इसौली चौराहे के पास दो ट्रक (दोनों डंपर) में आमने-सामने की टक्कर के बाद आग लग गई जिससे दोनों चालकों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी और बताया कि दुर्घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। टुंडला के पुलिस क्षेत्राधिकार (सीओ) अरुण चौरसिया ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर लगभग तीन बजे टूंडला-एटा मार्ग पर इमलिया डेरी के पास हुई। 

पुलिस ने बताया कि एक ट्रक टूंडला से एटा की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक एटा से टूंडला की तरफ आ रहा था। इसी दौरान दोनों में हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई और वे जलने लगे। दोनों मृत चालकों की पहचान सुरेश (34) निवासी मऊआखेड़ा, मुरैना, मध्य प्रदेश और भरत लाल (38), निवासी धौलपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। 

एक ट्रक के खलासी धीरज निवासी धौलपुर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एक अन्य घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना रजावली, सकरौली और पचोखरा की पुलिस मौके पर पहुंची। 

दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का काम किया। इस हादसे के कारण एटा-टूंडला मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने वाहनों को इसौली चौराहे से मोड़कर स्थिति को संभाला। बाद में क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाया गया। पुलिस के अनुसार दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद ही दोनों ट्रक में आग लग गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News