26 जनवरी से ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान' होगा शुरू, राहुल गांधी का संदेश घर-घर पहुंचाएगी कांग्रेस

punjabkesari.in Sunday, Dec 04, 2022 - 01:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस 26 जनवरी से ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान' शुरू करेगी। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में यह फैसला लिया गया। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि हमने फैसला किया है कि 26 जनवरी से ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान' शुरू करेंगे, दो महीनों तक चलने वाले इस अभियान में हर ग्राम पंचायत और बूथ तक पहुंचेंगे तथा राहुल गांधी के संदेश वाला पत्र लोगों को सौंपा जाएगा।

 

वेणुगोपाल ने कहा कि  ‘भारत जोड़ो यात्रा' के समापन के बाद ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान' शुरू होगा। पिछले महीने पार्टी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी के शीर्ष निकाय कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) के स्थान पर इस संचालन समिति का गठन किया था। बैठक में खड़गे के अलावा पार्टी संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कई अन्य नेता शामिल थे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल होने के चलते इस बैठक में भाग नहीं ले सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News