कांग्रेस का PM पर तीखा हमला, कहा- राहुल की सदस्यता बहाल करने से मोदी को डर लग रहा है

punjabkesari.in Saturday, Aug 05, 2023 - 06:46 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस ने ‘मोदी उपनाम' वाली टिप्पणी से जुड़े मानहानि के मामले में राहुल गांधी को उच्चतम न्यायालय से राहत मिलने के एक दिन बाद शनिवार को कहा कि अब तक उसके नेता की सदस्यता की बहाल क्यों नहीं की गई। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने यह सवाल भी किया कि ‘क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इसका डर लग रहा है कि राहुल गांधी लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर बोल सकते हैं?'

उच्चतम न्यायालय ने ‘मोदी उपनाम' को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के संबंध में 2019 में दायर आपराधिक मानहानि मामले में राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगाते हुए शुक्रवार को उनकी लोकसभा की सदस्यता बहाल करने का रास्ता साफ कर दिया। रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘23 मार्च को सूरत की सत्र अदालत ने राहुल गांधी को "दोषी" क़रार दिया था। उसके 26 घंटे बाद उनकी संसद सदस्यता को रद्द करने की अधिसूचना जारी कर दी गई थी।

उस पूरी तरह से ग़लत दोषसिद्धि पर उच्चतम न्यायालय द्वारा रोक लगाए जाने के 26 घंटे बीत चुके हैं।'' उन्होंने सवाल किया, ‘‘राहुल गांधी की संसद सदस्यता अब तक बहाल क्यों नहीं की गई? क्या प्रधानमंत्री को अविश्वास प्रस्ताव में उनके शामिल होने का डर है?'' लोकसभा में आठ से 10 अगस्त तक अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी चर्चा के आखिरी दिन इसका जवाब दे सकते हैं।

‘इंडिया' गठबंधन की अगली बैठक अहम है: पटोले 

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले ने शनिवार को कहा कि मानहानि मामले में राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर उच्चतम न्यायालय के रोक लगाने के मद्देनजर मुंबई में ‘इंडिया' गठबंधन की आगामी बैठक बहुत महत्वपूर्ण है। पटोले ने यहां महा विकास आघाडी (एमवीए) के घटक दलों की बैठक के बाद कहा कि नेताओं ने ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के सहयोगियों की आगामी बैठक की तैयारियों पर चर्चा की। यह बैठक 31 अगस्त से एक सितंबर तक मुंबई में आयोजित की जायेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News