अगर भाजपा केजरीवाल को गिरफ्तार कराती है तो जेल से चलेगी दिल्ली सरकार : सौरभ भारद्वाज
punjabkesari.in Tuesday, Nov 07, 2023 - 01:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को पार्टी विधायक दल की बैठक की। ईडी के समन और उनकी गिरफ्तारी को लेकर हो रहे दावे के बीच यह अहम बैठक दिल्ली विधानसभा में हुई। मीडिया से जानकारी साझा करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि बैठक में सभी विधायकों ने अपनी बात रखी। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सीएम अरविंद केजरीवाल अगर गिरफ्तार होते हैं तो वो जेल से ही दिल्ली सरकार चलाएंगे, क्योकि दिल्ली की जनता ने उनको ही जनादेश दिया है।
मोदी जी और भाजपा को सिर्फ अरविंद केजरीवाल से लगता है डर
संविधान में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि मुख्यमंत्री को ट्रायल के बहाने जेल में रखा जाए तो उनको इस्तीफा देना पड़ेगा। मोदी जी और भाजपा को सिर्फ अरविंद केजरीवाल से डर लगता है। भाजपा अब ये जान चुकी है कि अरविंद केजरीवाल को चुनाव लड़कर नहीं सत्ता से हटा सकते, उनको षड़यंत्र क रके ही सत्ता से हटाया जा सकता है। वहीं, वरिष्ठ नेता आतिशी ने कहा कि दिल्ली के अंदर हर किसी के जुबान पर बस एक बात है कि मोदी सरकार ने अब आम आदमी पार्टी के साथ अति कर दी है।
दिल्ली की सत्ता से अरविंद केजरीवाल को हटाया जाए
‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा को अगर किसी पार्टी से समस्या है तो सबसे ज्यादा आम आदमी पार्टी से है। अब तक जितने मुकदमें आम आदमी पार्टी के विधायकों-मंत्रियों पर हुए और जिस तरह से अब आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने की तैयारी है, इससे साफ है कि अगर प्रधानमंत्री और भाजपा को किसी से सत्ता का डर है तो वो अरविंद केजरीवाल से है। वो चाहते हैं कि किसी तरह से दिल्ली की सत्ता से अरविंद केजरीवाल को हटाया जाए। भाजपा चुनाव लड़कर देख ली। दिल्ली के अंदर आम आदमी पार्टी से भाजपा तीन-तीन चुनाव हार चुकी है। साथ ही, एमसीडी भी हार चुकी है।
मुख्यमंत्री पद से देना पड़ेगा इस्तीफा
उन्होंने कहा कि अब ये बात जान चुके हैं कि अगर अरविंद केजरीवाल को सत्ता से हटाना है तो भाजपा चुनाव लड़कर नहीं हटा सकती है। अरविंद केजरीवाल को साजिश करके ही सत्ता से हटाया जा सकता है। आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों ने एक बात कही कि अक्सर अरविंद केजरीवाल के उपर अलग-अलग तरीके से दबाव बनाया जाता है। अब अगर अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया तो दिल्ली की सत्ता कैसे चलेगी? अब तो अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ेगा। सभी विधायकों हाथ जोड़कर अरविंद केजरीवाल से कहा है कि भाजपा और प्रधानमंत्री तो चाहते हैं कि आप इस्तीफा दो और आपकी सत्ता छीन ली जाए। लेकिन कुछ भी हो जाए, चाहे जमीन से चले, चाहे आसमान से चले, चाहे जेल से चले, चाहे पुलिस कस्टडी से चले या फिर न्यायिक कस्टडी से चले, अरविंद केजरीवाल ही दिल्ली की सरकार चलाएंगे, क्योंकि जनादेश अरविंद केजरीवाल का है।
अपनी सरकार चुनने का मौलिक अधिकार है|
हम लोगों ने गली-गली जाकर अरविंद केजरीवाल के लिए वोट मांगा है। अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बनें और सरकार चलाएं, दिल्ली की जनता ने यह आशीर्वाद केवल अरविंद केजरीवाल को दिया है। इस जनादेश के साथ खिलवाड़ करने या धोखा देने का हक किसी को भी नहीं है। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मेरी संविधान विशेषज्ञों समेत कई लोगों से बात हुई है। आज तक के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ है कि एक सीटिंग मुख्यमंत्री को ट्रायल के बहाने जेल में डाल दिया गया हो। दोष सिद्धि होना एक अलग बात है। कानून और संविधान के अंदर ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि दिल्ली या किसी भी राज्य की जनता का जो वोट करने और अपनी सरकार चुनने का मौलिक अधिकार है, इसको चुनौती दे सकें।
जब भी बुलाएंगे, हम लोग जेल में मिलने जाएंगे
यह अधिकार जनता का है। संविधानs के किसी भी धारा में कोई ऐसा अंकुश नहीं है कि मुख्यमंत्री को ट्रायल के बहाने जेल में रखा जाए तो उनको इस्तीफा देना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हम सब विधायकों ने सीएम अरविंद केजरीवाल से करबद्ध निवेदन किया है कि जैसे भी हो, अवसर आएंगे, हम कैबिनेट के साथी हैं, अरविंद केजरीवाल जब भी बुलाएंगे, हम लोग जेल में मिलने जाएंगे। मुझे लगता है कि आज जैसा माहौल है, हम लोग सच में बहुत जल्द जाएंगे। जिस तरह की तैयारियां प्रधानमंत्री कर रहे हैं, बाकी कैबिनेट मंत्री भी मुख्यमंत्री के साथ जेल में जाएंगे। जेल में ही कैबिनेट की मीटिंग करेंगे और फैसला करेंगे। मुख्यमंत्री को जब जरूरत होगी, तब अफसरों को जेल में बुलाएंगे।
फिर मंत्रियों को गिरफ़्तार करने लगे ?
हमारे विधायक जो बाहर रह जाएंगे, वो लोग उस फैसले को कार्यांवित कराएंगे। सीएम अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लोगों के लोगों के काम रूकने नहीं देंगे।उधर, वरिष्ठ नेता एवं कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा कि ‘‘आप’’ विधायक दल ने अरविंद केजरीवाल को बताया कि आज दिल्ली में सबकी ज़ुबान पर बस एक चीज़ है कि मोदी सरकार ने अब आम आदमी पार्टी के साथ अति कर दी है। सभी ये कह रहे हैं कि बार-बार अगर केस होता है, गिरफ़्तारी हो रही है तो आम आदमी पार्टी वालों की होती है। पहले विधायकों को, फिर मंत्रियों को गिरफ़्तार करने लगे, सांसदों को गिरफ़्तार करने लगे और अब भाजपा के नेता सीएम अरविंद केजरीवाल को भी जेल जाने की धमकियां दे रहे हैं।
दिल्ली के लोगों की सेवा करेंगे
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता देख रही है कि वो एक आदमी जो दिन-रात लोगों के लिए काम करता है, उसके साथ अतिवाद हो रहा है। आज सभी विधायकों ने एक स्वर में कहा कि चाहे मोदी सरकार षड्यंत्र रच के अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ में डाल दे, तब भी हमारा आग्रह है कि वो इस्तीफ़ा न दें। क्योंकि लोगों ने वोट किसी विधायक या पार्टी को नहीं दिया है, बल्कि अरविंद केजरीवाल को दिया है। इसलिए किसी झूठे षड्यंत्र से हम दिल्ली की जनता का भरोसा नहीं टूटने देंगे। चाहे कितने दिन भी मोदी सरकार अरविंद केजरीवाल को जेल में रखने की कोशिश करें, पर दिल्ली के लोगों ने उन्हें मुख्यमंत्री चुना है और वो जेल से ही दिल्ली के लोगों की सेवा करेंगे।