इस देश में तेजी से बढ़ रहा चिकनगुनिया... 7000 से ज्यादा संक्रमित, जानिए इसके लक्षण

punjabkesari.in Friday, Aug 08, 2025 - 07:55 PM (IST)

नेशनल डेस्क: चीन में हाल ही में चिकनगुनिया वायरस के मामलों में अचानक तेजी आई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक लगभग 7,000 से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। यह स्थिति न केवल चीन के लिए बल्कि आसपास के देशों के लिए भी चिंता का विषय बनी हुई है। आइए जानते हैं चिकनगुनिया क्या है, इसके लक्षण, कारण और बचाव के तरीके।

चिकनगुनिया क्या है?

चिकनगुनिया एक वायरल बीमारी है, जो मच्छर के काटने से फैलती है। इसे फैलाने वाले मच्छर मुख्य रूप से एडीज एजिप्टी और एडीज एल्बोपिक्टस होते हैं। ये मच्छर डेंगू और जीका वायरस भी फैलाते हैं। चिकनगुनिया का नाम माकोंडे भाषा के शब्द ‘चिकनगुनिया’ से लिया गया है, जिसका मतलब है ‘झुकना’। इसका कारण मरीजों में जोड़ों में इतना तेज दर्द होना है कि वे झुके हुए चलते हैं।

चीन में मामलों में बढ़ोतरी क्यों?

विशेषज्ञों का कहना है कि चीन में इस समय मानसून का मौसम है, जिससे नमी और गर्मी मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल माहौल बन रही है। शहरी इलाकों में पानी जमा होना, गंदगी और साफ-सफाई का अभाव भी मच्छर बढ़ने का कारण है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय यात्राओं और जलवायु परिवर्तन ने इस वायरस के फैलाव को बढ़ावा दिया है।

चिकनगुनिया के लक्षण क्या हैं?

चिकनगुनिया के लक्षण डेंगू से मिलते-जुलते हैं, लेकिन इसमें जोड़ों का दर्द ज्यादा देर तक रहता है। आम लक्षण इस प्रकार हैं

  • अचानक तेज बुखार
  • तेज सिरदर्द
  • मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द
  • त्वचा पर लाल चकत्ते
  • कमजोरी और थकान
  • उल्टी या मतली

क्या है खतरा?

इस बीमारी से होने वाला जोड़ों का दर्द कई हफ्तों या महीनों तक रह सकता है। हालांकि, मौत का खतरा कम होता है, लेकिन बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और पहले से बीमार लोग इसके गंभीर प्रभावों से प्रभावित हो सकते हैं।

बचाव के उपाय

चिकनगुनिया का कोई खास टीका या दवा अभी तक नहीं है, इसलिए बचाव पर जोर दिया जाता है

  • घर और आसपास पानी जमा न होने दें
  • मच्छरदानी और मच्छर रोधक क्रीम का इस्तेमाल करें
  • पूरी बांह के कपड़े पहनें
  • सुबह और शाम मच्छरों के काटने से बचें
  • बुखार या जोड़ों के दर्द होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

चीन की स्वास्थ्य व्यवस्था ने उठाए कदम

चीन के स्वास्थ्य विभाग ने मच्छर नियंत्रण के लिए बड़े पैमाने पर फॉगिंग और स्प्रे अभियान शुरू किया है। प्रभावित इलाकों में मेडिकल टीमों को तैनात किया गया है और लोगों को जागरूक करने के लिए हेल्थ कैंप भी लगाए जा रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News