Voter ID Card में पता बदलना हुआ आसान: अब घर बैठे ऑनलाइन करें अपडेट, जानें स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 04:29 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत में बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और अन्य आधिकारिक कामों के लिए पहचान और पते का प्रमाण देना अनिवार्य है। ऐसे में वोटर आईडी कार्ड भी एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसे Election Commission of India जारी करता है। यह केवल मतदान का अधिकार ही नहीं देता, बल्कि पहचान और वैध एड्रेस प्रूफ के रूप में भी काम आता है।

अगर आप हाल ही में किसी नए घर में शिफ्ट हुए हैं, शहर बदल लिया है या उसी शहर में अलग इलाके में रहने लगे हैं, तो वोटर आईडी में पता अपडेट कराना जरूरी हो जाता है। पहले इसके लिए चुनाव कार्यालयों में लंबी लाइनें लगती थीं और दस्तावेजों की जांच में काफी समय लगता था, लेकिन अब यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन घर बैठे आसान तरीके से की जा सकती है।


ऑनलाइन पता अपडेट करने का आसान तरीका
वोटर आईडी में नया पता दर्ज कराने के लिए सबसे पहले National Voters' Services Portal पर लॉगइन करें। अगर आपका अकाउंट नहीं है, तो पहले रजिस्ट्रेशन कर लें। लॉगइन करने के बाद होमपेज पर “एड्रेस करेक्शन” या “शिफ्टिंग” से संबंधित विकल्प चुनें और फॉर्म 8 खोलें। इसमें अपनी बेसिक जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि और वोटर आईडी से जुड़ी डिटेल भरें। इसके बाद “निवास स्थान बदलें” का विकल्प चुनें।

अगर नया घर उसी विधानसभा क्षेत्र में है तो संबंधित विकल्प चुनें, और अगर क्षेत्र बदल गया है तो बाहरी विकल्प चुनें। इसके बाद राज्य, जिला और निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी भरें। फिर आधार नंबर, मोबाइल नंबर और ईमेल दर्ज करें और नए पते से जुड़े दस्तावेज अपलोड करें। अंत में घोषणा स्वीकार करके फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन प्रोसेस होने के बाद आपका पता मतदाता सूची और वोटर कार्ड दोनों में अपडेट हो जाएगा।


किन दस्तावेजों की होगी जरूरत
पता अपडेट के लिए वैध एड्रेस प्रूफ अनिवार्य है। इसके लिए आप निम्न दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सकते हैं:
बिजली, पानी या गैस बिल, आधार कार्ड, बैंक या डाकघर पासबुक, भारतीय पासपोर्ट, किरायानामा या संपत्ति से जुड़े कागजात


आवेदन की स्थिति कैसे ट्रैक करें
फॉर्म सबमिट करने के बाद पोर्टल पर लॉगइन करके रेफरेंस नंबर के जरिए आवेदन की स्थिति ट्रैक की जा सकती है। इससे पता चलता रहेगा कि आपका आवेदन किस स्टेज में है। अगर किसी वजह से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती है, तो नजदीकी चुनाव कार्यालय जाकर फॉर्म 8 भरकर ऑफलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। सत्यापन पूरा होने के बाद अपडेटेड वोटर कार्ड सीधे आपके पते पर भेज दिया जाएगा।


सुविधा और समय की बचत
ऑनलाइन प्रक्रिया के चलते अब लंबी लाइन में लगने या दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं। मतदाता आसानी से घर बैठे अपने दस्तावेज अपलोड करके वोटर आईडी में पता अपडेट कर सकते हैं, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News