आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर! अब आधार सेंटर ढूंढना हुआ और भी आसान, UIDAI ला रहा है बड़ा अपडेट
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 09:05 AM (IST)
नेशनल डेस्क: आज के समय में आधार कार्ड हर नागरिक के लिए एक अहम पहचान पत्र बन गया है। बैंकिंग सेवाओं से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तक, लगभग हर जरूरी काम में इसकी आवश्यकता होती है। इसी वजह से संबंधित विभाग समय-समय पर लोगों को अपनी आधार जानकारी अपडेट रखने की सलाह देता है, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
कुछ जरूरी कामों के लिए सेंटर जाना अनिवार्य
हालांकि कई आधार सेवाएं अब ऑनलाइन उपलब्ध हैं, लेकिन बायोमेट्रिक अपडेट, फोटो बदलवाना या अन्य महत्वपूर्ण बदलाव जैसे कामों के लिए लोगों को आधार सेवा केंद्र जाना ही पड़ता है। ऐसे में सही और नजदीकी केंद्र की जानकारी न मिलना लोगों के लिए बड़ी समस्या बन जाती है।
मोबाइल से ही खोज सकेंगे नजदीकी केंद्र
अब इस परेशानी को दूर करने के लिए एक नई सुविधा शुरू की जा रही है। इसके जरिए लोग अपने मोबाइल फोन पर ही नजदीकी आधार सेवा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मैप आधारित इस सुविधा से आसपास के अधिकृत केंद्रों को आसानी से ढूंढा जा सकेगा।
Finding an Aadhaar Centre is about to get much easier! 🇮🇳
— Aadhaar (@UIDAI) April 2, 2026
UIDAI has partnered with MapmyIndia to bring authorised Aadhaar Centres directly to the Mappls App.
Coming soon, this feature will help users quickly locate the nearest authorised centres and check available services —… pic.twitter.com/OZ3UzPhtFg
ऐप के जरिए मिलेगी पूरी जानकारी
इस नई सुविधा के तहत एक मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा, जहां यूजर्स कुछ आसान स्टेप्स में अपने आसपास के आधार केंद्रों की लोकेशन देख सकेंगे। इससे उन्हें अलग-अलग वेबसाइट पर जाने या किसी से पूछताछ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
सिर्फ लोकेशन नहीं, सेवाओं की भी जानकारी
इस फीचर की खास बात यह है कि इसमें केवल केंद्र का पता ही नहीं, बल्कि वहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी। जैसे मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट, या अन्य सुविधाएं किस केंद्र पर उपलब्ध हैं। इससे लोगों का समय बचेगा और अनावश्यक दौड़-भाग से राहत मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत
यह सुविधा खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। जहां पहले जानकारी के अभाव में लोगों को काफी दिक्कत होती थी, अब वे आसानी से सही केंद्र तक पहुंच सकेंगे।
आधार सेवाएं होंगी और आसान
कुल मिलाकर, यह नई पहल आधार से जुड़े कामों को पहले से ज्यादा सरल और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे लोगों का समय बचेगा और सेवाओं तक उनकी पहुंच और बेहतर होगी।
