PM मोदी पर बरसे चन्द्रबाबू नायडू, हम से खैरात नहीं मांग रहे

punjabkesari.in Tuesday, May 01, 2018 - 11:40 AM (IST)

तिरुपति: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन.चन्द्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राज्य को विशेष राज्य का दर्जा देने के वादे से मुकरने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह हमारा हक है और इससे किसी प्रकार का समझौता मंजूर नहीं है। नायडू ने 2014 के आम चुनाव के समय भगवान वेंकटेश्वर की नगरी तिरुपति में आयोजित रैली में किए गए मोदी के वादे की याद दिलाने के लिए आयोजित रैली में केन्द्र सरकार पर जमकर हमले किए।

हम खैरात नहीं मांग रहे
सोमवार को आयोजित रैली में तेलगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष ने कहा विशेष राज्य का दर्जा आंध्र के लोगों का हक है। हम कोई खैरात नहीं मांग रहे। राज्य की जनता इससे कोई समझौता नहीं करने वाली है। रैली में मोदी के प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में किए गए वादे का स्मरण कराने के लिए 30 अप्रैल 2014 को यहां आयोजित रैली का आडियो भी बजाया गया जिसमें मोदी ने केंद्र में सरकार बनने पर आन्ध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था।

मोदी भूले अपने वादे
नायडू ने कहा कि क्या अब मोदी से वादा पूरा करने की मांग गलत है। उन्होंने कहा कि मोदी ने प्रधानमंत्री बनने पर आंध्र के लिए दिल्ली से बेहतर राजधानी बनाने का वादा किया था किन्तु अमरावती के लिए केवल 1500 करोड़ रुपए दिए जबकि गुजरात में सरदार पटेल की 2500 करोड़ रुपए से प्रतिमा बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी स्वर्ण आंध्र बनाने का वादा भूलकर अब एक दागी पार्टी YSR कांग्रेस से सांठगांठ कर रहे हैं।

जनता के अधिकारों से समझौता नहीं
मुंबई-अहमदाबाद के बीच बुलेट ट्रेन और बेंगलुरु और मुंबई उपनगरीय ट्रेनों के लिए 30 से 40 हजार करोड़ रुपए तथा गुजरात के लिए भी अधिक धन देने का जिक्र करते हुए तेदेपा अध्यक्ष ने सवाल किया कि क्या आंध्र विकास का पात्र नहीं है। उन्होंने कहा कि आंध्र के लोग भी कर देते हैं किन्तु केंद्र हमारे साथ सहयोग नहीं कर रहा। राज्य की जनता के अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। केन्द्र की अनदेखी के बावजूद विकास के मामले में आंध्र अपनी मेहनत के बूते अग्रणी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि केन्द्र ने राज्यसभा में आंध्र को विशेष राज्य का दर्जा समेत जो भी आश्वासन दिया है उसकी जिम्मेदारी है उसे पूरा करे। आम बजट में आंध्र के लिए कोई राशि नहीं दी गई और तेदेपा को नीचा दिखाने के लिए वाईएसआर कांग्रेस से सांठगांठ की जा रही है।

आंध्र को भी चाहिए अपनी राजधानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह राज्य की जनता को हक दिलाने के लिए प्रधानमंत्री और केन्द्र से लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगले आम चुनाव में तेदेपा राज्य की सभी 25 सीटों पर जीत दर्ज करेगी और केन्द्र में सरकार बनाने में पार्टी की अहम भूमिका होगी। नायडू ने कहा कि हमें भी अन्य राज्यों की तरह विकसित राजधानी चाहिए। आंध्र भी इसी देश का अंग है। केन्द्र के कुछ समय पहले तक सहयोगी रहे तेदेपा अध्यक्ष ने मोदी सरकार पर हमला करने का कोई मौका नहीं चूका। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति के साथ न्याय नहीं हो रहा है। नायडू ने कहा कि देश में महिलाओं के साथ अत्याचार बढ़े हैं। जम्मू-कश्मीर के कठुआ और उत्तर प्रदेश की घटनाएं क्या संकेत दे रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Seema Sharma

Recommended News

Related News