राजधानी और शताब्दी में यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर डिब्बे में लगेंगे CCTV

punjabkesari.in Monday, Jul 24, 2017 - 02:22 AM (IST)

नई दिल्ली: रेलवे अपनी प्रीमियम ट्रेनों राजधानी और शताब्दी में यात्रा को और सुविधाजनक बनाने के लिए कई बड़े और महत्वपूर्ण बदलाव करने जा रहा है। इसके तहत अगले 3 महीने में इन ट्रेनों में सूरत और सुविधा के लिहाज से एक दर्जन से अधिक बदलाव किए जाएंगे। 

पहले चरण में 14 राजधानी और 15 शताब्दी रेलगाडिय़ों में ये बदलाव किए जाने हैं। इनमें से उत्तर रेलवे की 7 रेलगाडिय़ां भी शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता बनाने के लिए हर डिब्बे में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे गाड़ी के दोनों दरवाजों के पास लगाए जाएंगे। यदि कोई यात्री सामान चोरी होने या कोई महिला छेड़छाड़ की शिकायत करती है तो मामले की जांच में इन कैमरों की रिकॉर्डिंग का प्रयोग किया जा सकेगा। 

राजधानी और शताब्दी में हॉटस्पॉट की सुविधा
रेलवे की तरफ से राजधानी और शताब्दी ट्रेनों में हॉटस्पॉट की सुविधा दिए जाने की तैयारी है। इसके लिए प्रारंभिक तौर पर रेल यात्रियों से कोई शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। 

आग से बचाव के लिए विशेष इंतजाम
राजधानी और शताब्दी रेलगाडिय़ों के डिब्बों में आग से बचाव के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। किसी डिब्बे में धुआं उठते ही अलार्म बजने लगेगा और गाड़ी में अपने आप ब्रेक लग जाएगा। वहीं गाड़ी में लगे रसोईयान और पावर कार में आग लगने पर अपने आप आग बुझाने का भी इंतजाम होगा। 

डिस्प्ले बोर्ड होंगे उपलब्ध
राजधानी और शताब्दी ट्रेनों के अंदर छोटे-छोटे डिस्प्ले बोर्ड उपलब्ध होंगे। गाड़ी कहां पहुंचने वाली है? कितनी गति है? आसपास से गुजरने वाली किसी मशहूर जगह की जानकारी आदि इन डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित होगी। वहीं जी.पी.एस. से गाड़ी के अंदर उद्घोषणा होगी कि गाड़ी कहां पहुंच गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News