भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य बी एस येदियुरप्पा ने कहा दो-तीन दिन में होगा मंत्रिमंडल विस्तार

punjabkesari.in Saturday, Jan 07, 2023 - 10:19 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कर्नाटक के मुख्यमंत्री की ओर से कैबिनेट में जल्द फेरबदल के संकेत के बाद भारतीय जनता पार्टी संसदीय बोर्ड के सदस्य बी एस येदियुरप्पा ने शनिवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल विस्तार पर केंद्रीय पार्टी के नेता अगले दो से तीन दिनों में फैसला करेंगे। श्री येदियुरप्पा ने यहां संवाददाताओं से कहा,‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पार्टी के नेता दो से तीन दिनों में राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार पर अंतिम निर्णय लेंगे।'' उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा राज्य में विधानसभा चुनाव में 150 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेस दिवास्वप्न देख रही है।

कांग्रेस नेताओं के बीच आपसी लड़ाई हो रही है। मोदी के नेतृत्व में भाजपा अगला विधानसभा चुनाव जीतेगी।'' मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के खिलाफ कांग्रेस नेता सिद्धारमैया की ‘पिल्ला' टिप्पणी पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर, श्री येदियुरप्पा ने कहा कि कांग्रेस नेता इस तरह के बयान दे रहे हैं बिना यह जाने कि उनकी पार्टी आगामी चुनाव हार रही है। इस बीच, श्री बोम्मई ने कहा कि कैबिनेट विस्तार की योजना है लेकिन तारीखों का खुलासा नहीं किया। उन्होंने संभावित मंत्रियों के नामों का भी खुलासा नहीं किया।

गोकाक विधायक रमेश जरकीहोली और शिवमोग्गा विधायक केएस ईश्वरप्पा के नामों पर फिर से विचार चल रहा है। श्री जकिर्होली ने मार्च 2022 में एक वीडियो क्लिपिंग सामने आने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसमें उन्हें कथित तौर पर नौकरी की इच्छुक एक महिला का यौन उत्पीड़न करते देखा गया था। वह इसे फेक वीडियो बता रहे हैं। श्री ईश्वरप्पा ने अप्रैल 2022 में बेलगावी स्थित एक ठेकेदार की मौत के विवाद के बाद इस्तीफा दे दिया, जिसने उस पर सार्वजनिक कार्यों के लिए ठेके देने के लिए 40 प्रतिशत कमीशन की मांग करने का आरोप लगाया था। राज्य में फिलहाल छह मंत्री पद खाली हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News