MCX Gold-Silver Price: सराफा बाजार में सुबह-सुबह गिरावट, सोना-चांदी हुआ सस्ता, जानें आज का नया रेट

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 09:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क: सराफा बाजार में पिछले कुछ दिनों से जारी तेजी के तूफान पर आज सुबह ब्रेक लग गया है। कल तक आसमान छू रही सोने और चांदी की कीमतों ने आज कारोबार खुलते ही गोता लगा दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जैसे ही आज सुबह की घंटी बजी, कीमती धातुओं के भाव 'लाल निशान' के साथ नीचे की ओर लुढ़कते नजर आए। जो लोग कल की महंगाई देखकर खरीदारी से पीछे हट गए थे, उनके लिए आज की सुस्ती थोड़ी राहत लेकर आई है।

सोने के भाव में आई सुस्ती
बाजार खुलने के कुछ ही मिनटों के भीतर सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अप्रैल के वायदा कारोबार में सोना करीब ₹895 सस्ता होकर ₹1,57,860 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कल की भारी बढ़त के बाद मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के चलते पीली धातु की रफ्तार आज कुछ धीमी पड़ी है।

चांदी भी हुई सस्ती
सोने की तरह चांदी की चमक भी आज कुछ फीकी नजर आ रही है। मार्च वायदा में चांदी की कीमतों में ₹2,333 से ज्यादा की गिरावट देखी गई, जिससे इसका भाव ₹2,60,685 प्रति किलो के आसपास आ गया है। चांदी की कीमतों में करीब 1% की यह कमी उन निवेशकों के लिए मायने रखती है जो बाजार में छोटे उतार-चढ़ाव पर नजर रखते हैं।

कुल मिलाकर, आज का शुरुआती रुझान उन खरीदारों के पक्ष में है जो कल की रिकॉर्ड ऊंचाई से घबराए हुए थे। हालांकि, जानकारों का मानना है कि यह गिरावट महज एक अस्थायी सुधार भी हो सकता है, इसलिए निवेश करने से पहले पूरे दिन के उतार-चढ़ाव को समझना जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News