Gold-Silver में बड़ी गिरावट, सोना ₹1,135 और चांदी ₹3,888 टूटी
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 09:57 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः सोमवार को बड़ी तेजी के बाद आज दोनों कीमती धातुओं में फिर गिरावट आई है। MCX पर 28 जुलाई को सोना 1135 रुपए सस्ता हुआ है, जबकि चांदी में 3888 रुपए की गिरावट आई है। अब 10 ग्राम सोना 1,41,928 रुपए और एक किलोग्राम चांदी 2,17,285 रुपए पर कारोबार कर रही है।
सर्राफा बाजार में सोने की कीमत
सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें 2,440 रुपए बढ़कर 1.49 लाख प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि चांदी 5,300 रुपए के उछाल के साथ 2.3 लाख रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 2,440 बढ़कर 1,49,640 प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) हो गई। पिछले सत्र में यह 1,47,200 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमतें भी शुक्रवार के बंद स्तर 2,24,700 प्रति किलोग्राम से 5,300 रुपए बढ़कर 2,30,000 प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) हो गईं।
कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई की चिंता कम हुई और निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, जिससे लगातार दो सत्रों की गिरावट के बाद दोनों कीमती धातुओं में तेजी आई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ''सोमवार को सोने में तेजी आई क्योंकि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई, जिससे महंगाई की चिंता कम हुई, जबकि कमजोर डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में कमी ने सर्राफा कीमतों को आगे और समर्थन दिया।''
