सावरकर की प्रतिमा पर कालिख पोती, डाली जूतों की माला

punjabkesari.in Friday, Aug 23, 2019 - 04:47 AM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में बिना अनुमति मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) अध्यक्ष शक्ति सिंह द्वारा लगाई गई विनायक दामोदर सावरकर की प्रतिमा पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार देर रात भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने प्रतिमा को जूतों की माला पहनाकर उस पर कालिख पोत दी जिससे अब इस मामले ने ज्यादा तूल पकड़ लिया है। इतना ही नहीं, इस दौरान बनाई गई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल की जा रही है। 

बता दें कि वायरल वीडियो में दिखाया जा रहा है कि रात को लाकड़ा डीयू नार्थ परिसर में कला संकाय पहुंचे, यहां लगाई गई सुभाष चंद्र बोस और भगत सिंह की प्रतिमाओं पर पहले उन्होंने फूल माला चढ़ाई और उसके बाद सावरकर की प्रतिमा को जूतों की माला पहनाते हुए, प्रतिमा के मुंह पर कालिख पोत दी। इस दौरान लाकड़ा ने ‘भगत सिंह अमर रहें और सुभाष चंद्र बोस अमर रहें’ के नारे भी लगाए। 

पूरे मामले की एबीवीपी ने की निंदा 
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की राष्ट्रीय मीडिया संयोजक मोनिका चौधरी ने कहा कि डीयू में वीर सावरकर की प्रतिमा का एनएसयूआई ने निरादर किया है, वह जघन्य कृत्य है और क्षूद्र राजनीतिक हित की यह हरकत भारत के महान स्वतंत्रता सेनानी को लेकर कांग्रेस की सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी विद्यार्थियों को एनएसयूआई और इसके मूल संगठन की इस नकारात्मक विचारधारा से अवगत कराएगी। मोनिका ने कहा कि इस खेदजनक हरकत की पृष्ठभूमि में एबीवीपी प्रशासन से स्वतंत्रता सेनानी का अपमान करने में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील करती है। 

सावरकर को कैसे लगा सकते हैं: लाकड़ा
इस बारे में लाकड़ा का कहना है कि सुभाष चंद्र बोस और भगत सिंह के साथ सावरकर की प्रतिमा कैसे लगाई जा सकती है, वह भी रातोंरात। यही वजह है कि हमें मामले को अपने हाथ में लेना पड़ा। लाकड़ा का कहना था कि विश्वविद्यालय प्रशासन भी इस मामले में चुप्पी साधे था। विश्वविद्यालय एबीवीपी के इशारों पर काम कर रहा है। लाकड़ा ने कहा कि गुरुवार को मुझे कई नंबरों से फोन आ रहे हैं और लगातार धमकी दे रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में दिल्ली पुलिस को शिकायत भी दी है। इस बीच सूत्रों ने बताया कि डीयू की प्रॉक्टर नीता सहगल ने डूसू के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह को बुधवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया और प्रशासन से अनुमति लिए बिना प्रतिमा स्थापित करने पर 24 घंटे में जवाब मांगा है। शक्ति सिंह का डूसू के अध्यक्ष के तौर पर कार्यकाल 21 अगस्त को समाप्त हो गया है। अगले चुनाव 12 सितंबर को होने हैं।

शक्ति सिंह ने भी करवाया मामला दर्ज
एबीवीपी से डूसू अध्यक्ष शक्ति सिंह ने वीरवार शाम को मौरिस नगर थाने में सावरकर की मूर्ति पर कालिख पोतने वाले एनएसयूआई छात्र नेता अक्षय लाकड़ा पर कार्रवाई करने के लिए मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने कहा है कि अक्षय ने हजारों छात्रों की भावनाओं को भड़काने का कार्य किया है। इस गंभीर आपराधिक कृत्य के कारण डीयू में कानून व्यवस्था बिगडऩे की संभावना है। इसके साथ ही दिल्ली के बाहर भी इसके दूरगामी परिणाम देखने को मिल सकते हैं। शक्ति सिंह ने अक्षय लाकड़ा को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Pardeep

Recommended News

Related News