विधानसभा चुनाव: भाजपा ने आंध्रप्रदेश और अरुणाचल के लिए जारी की पहली सूची

punjabkesari.in Sunday, Mar 17, 2019 - 06:04 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आंध्रप्रदेश विधानसभा के 123 और अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 54 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।  भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की अध्यक्षता में शनिवार शाम हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजीजू की उपस्थिति में इन नामों को मंजूरी दी गई थी।

भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार, उत्तराखंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर और अंडमान निकोबार के उम्मीदवारों के बारे में भी चर्चा की थी। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू मुक्तो विधानसभा सीट से चुनाव लड रहे हैं। अरुणाचल प्रदेश में 175 और आंध्रप्रदेश में 60 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। 

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, 11 अप्रैल को पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में 18 अप्रैल को 13 राज्यों की 97 सीटों के लिए मतदान होगा। तीसरे चरण में 14 राज्यों की 115 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। चौथे चरण में 29 अप्रैल को नौ राज्यों की 71 सीटों के लिए मतदान होगा। पांचवें चरण में छह मई को सात राज्यों की 51 लोकसभा सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। छठा चरण 12 मई को होगा जिसमें सात राज्यों की 59 लोकसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। सातवें चरण का मतदान 19 मई को होगा जिसमें आठ राज्यों की 59 सीटों के लिए वोटिंग होगी। सभी सीटों पर मतगणना 23 मई को होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News