लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मैदान में उतारे पूर्व शाही परिवारों के 10 उम्मीदवार

punjabkesari.in Tuesday, Apr 16, 2024 - 10:01 AM (IST)

नेशनल डेस्क: परिवारवाद, भाई- भतीजावाद और राजवंशों को लेकर विपक्षी राजनीतिक दल और भाजपा एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने से पीछे नहीं हटते हैं। इन मुद्दों में खासकर भाजपा कांग्रेस सहित सपा, राजद और द्रमुक जैसे क्षेत्रीय दिग्गजों की आलोचना करती आई है। हालांकि भाजपा खुद भी इन मुद्दों से अछूती नहीं है। देश के राजघरानों की बात करें तो भाजपा के कुनबे में इनका इजाफा होता जा रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस लोकसभा चुनाव में पूर्व शाही परिवारों के 10 से अधिक वंशज भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें से कुछ अपनी राजनीतिक शुरूआत कर रहे हैं।

ओडिशा: ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) द्वारा लंबे अरसे से शासित राज्य ओडिशा की बात करें तो यहां भाजपा ने शाही वंश के दो सदस्यों संगीता कुमारी सिंह देव और मालविका केशरी देव को चुनाव मैदान में उतारा है, जो पूर्ववर्ती पटनागढ़- बोलांगीर और कालाहांडी रियासतों से संबंधित हैं। संगीता बोलांगीर से भाजपा की मौजूदा सांसद हैं।

राजस्थान : राजस्थान में भी भाजपा ने शाही संबंधों वाले दो उम्मीदवारो को मैदान में उतारा है। इनमें राजस्थान की पूर्व सी.एम. वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यन्त सिंह और महिमा सिंह हैं, जिनकी शादी मेवाड़ के शाही परिवार में हुई है। 50 साल के दुष्यंत झालावाड़-बारां से चार बार भाजपा सांसद रह चुके हैं। महिमा को भाजपा ने राजसमंद से मौजूदा सांसद दीया कुमारी के स्थान पर मैदान में उतारा है, जिन्होंने भाजपा के टिकट विधानसभा चुनाव जीता था। 

मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश की गुना सीट पर भाजपा ने कांग्रेस छोड़ कर पार्टी में आए सिंधिया वंश के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को टिकट दिया है। 2019 में सिंधिया कांग्रेस के टिकट गुना सीट से चुनाव हार गए थे। वह वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं। 

पंजाब: पंजाब के पूर्व शाही परिवार से इस बार भाजपा ने पूर्व सी.एम. कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी 79 वर्षीय परनीत कौर को पटियाला सीट से उम्मीदवार बनाया है। अमरिंदर सिंह के कांग्रेस से भाजपा में चले जाने के बाद कौर निवर्तमान लोकसभा के अंत तक कागजी तौर पर कांग्रेस में सांसद बनी रहीं।

पश्चिम बंगाल: भाजपा ने टी.एम.सी. की मोहुआ मोइत्रा को टक्कर देने के लिए कृष्णानगर के पूर्व शाही परिवार की राजमाता अमृता रॉय को चुना है। मोइत्रा को कैश फॉर क्वेरी घोटाले में सांसद पद से निष्कासित कर दिया गया था और वह इस मामले में सी.बी.आई. और मनी लॉन्ड्रिंग जांच का सामना कर रही हैं।

कर्नाटक: कर्नाटक में मैसूर लोकसभा सीट पर भाजपा ने मौजूदा सांसद प्रताप सिम्हा की जगह पूर्व शाही परिवार के 32 वर्षीय यदुवीर कृष्णदत्त चामराजा वाडियार को टिकट दिया है। प्रताप सिम्हा वहीं सांसद हैं जिनके विजिटर पास पर दिसंबर 2023 में संसद में घुसपैठियों को सदन में प्रवेश मिला था।

उत्तराखंड: राज्य के टीहरी- गढ़वाल से भाजपा ने मौजूदा सांसद और पूर्ववर्ती टेहरी-गढ़वाल साम्राज्य की रानी, 73 वर्षीय माला राज्य लक्ष्मी शाह को फिर से मैदान में उतारा है। उनका जन्म काठमांडू में हुआ था वह एक दशक से अधिक समय से इस निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा सांसद हैं। पूर्वी त्रिपुरा लोकसभा

त्रिपुरा: सीट से भाजपा ने महारानी कृति सिंह देबबर्मा को मैदान में उतारा है, जो त्रिपुरा के माणिक्य राजवंश से हैं और उनका विवाह छत्तीसगढ़ के कवर्धा के शाही परिवार में हुआ है। उनके पति योगेश्वर राज सिंह पूर्व कांग्रेस नेता हैं। वह टिपरा मोथा पार्टी के नेता प्रद्योत किशोर मनिया देबबर्मा की बहन हैं और चुनाव में पदार्पण कर रही हैं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Recommended News

Related News