पीएम मोदी को रावण कहे जाने पर भड़की बीजेपी, कहा- सोनिया-राहुल की जुबान बोल रहे मल्लिकार्जुन खरगे

punjabkesari.in Tuesday, Nov 29, 2022 - 03:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रावण कहे जाने पर जोरदार पलटवार किया है और कहा है कि खड़गे सोनिया गांधी और राहुल गांधी की जुबान बोल रहे हैं और उन्हें इसका जवाब गुजरात की जनता से मिलेगा। भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया है, वह निंदनीय है। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी को ‘रावण' कहा है। इस प्रकार का गाली-गलौज देश के प्रधानमंत्री के लिए करना, यह उचित नहीं है।

कांग्रेस पर बोला जमकर हमला
संवित पात्रा ने कहा कि मोदी गुजरात के बेटे हैं। दुनियाभर में वो गुजरात के लिए स्वाभिमान हैं। गुजरात के बेटे के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उचित नहीं है। यह निंदनीय है और कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। देश हित में मोदी ने कई काम किये हैं। वो भारत को प्रगति के पथ पर ले जा रहे हैं। हिंदुस्तान के गरीब को कैसे आगे ले जा सके उसके लिए काम कर रहे गुजरात की मिट्टी को सलाम है जिसने ऐसा सपूत दिया है। उनको रावण कहना सिर्फ मोदी का अपमान नहीं ये प्रत्येक गुजराती और पूरे गुजरात का अपमान है। 

सबसे पहले सोनिया गांधी ने मोदी को मौत का सौदागर बताया था
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता अपनी भाषाई मर्यादा भूल चुके हैं। मोदी के कामों से ये लोग हैरान-परेशान होकर उन्हें हीन उपाधियां दे रहे हैं। सोनिया गांधी ने मोदी को मौत का सौदागर कहा तो उनके अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को क्रूर, बंदर, राक्षस तक कहा। प्रवक्ता ने कहा कि यह साबित हो गया है कि कांग्रेस के नये अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर जो बयान दिया है वो सोनिया गांधी और राहुल गांधी का बयान है। सबसे पहले सोनिया गांधी ने मोदी को मौत का सौदागर बताया था और उसका नतीजा सबने देखा।

अर्थव्यवस्थाओं की सूची में 11वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंचा भारत 
अब कांग्रेस को खड़गे के बयान का असर देखने को मिलेगा। गुजरात की जनता इसका जवाब जरूर देगी। डॉ. पात्रा ने कहा कि पीएम मोदी देश के नेतृत्व में देश के आर्थिक हालात में सुधार हुआ है। इसी का नतीजा है कि आज भारत विश्व की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं की सूची में 11वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंच गया है। मोदी ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक कर ना केवल पाकिस्तान बल्कि आतंकवाद को उसकी औकात दिखाई है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News