दिल्ली के सीएम को ED ने किया गिरफ्तार, AAP बोली- भाजपा केजरीवाल को झुकाने के लिए किसी हद तक जा सकती है, लेकिन जनता उनके साथ

punjabkesari.in Thursday, Mar 21, 2024 - 11:24 PM (IST)

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के पीछे एक ‘बड़ी साजिश' है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा पर उन्हें झुकाने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है। 

अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार की शाम दिल्ली स्थित केजरीवाल के आवास पर पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ईडी की टीम दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उन्हें आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा देने से इनकार किए जाने के कुछ देर बाद पहुंची थी। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज, आतिशी और अन्य आप नेता केजरीवाल के आवास के बाहर मौजूद थे। 

ईडी के अधिकारियों के पहुंचने के बाद केजरीवाल के सिविल लाइंस स्थित आवास के आसपास शाम को सुरक्षा बढ़ा दी गई और दिल्ली पुलिस कर्मियों के साथ-साथ रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) इकाइयों की तैनाती की गई। 

मुख्यमंत्री आवास के सामने उपस्थित ‘आप' नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘आप जिंदाबाद', ‘अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद' और ‘अरविंद भाई तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं' जैसे नारे लगाए। आतिशी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह पूरा प्रकरण दिखाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केजरीवाल से कितने डरे हुए हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें जेल भेजने की साजिश रची है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘राजनीतिक हथियार' बन गया है। 

आतिशी ने कहा, ‘‘यह अब एक स्वतंत्र एजेंसी नहीं है। यह एक राजनीतिक हथियार बन गया है। मोदी जानते हैं कि अगर देश में उनका कोई विकल्प है, तो वह केवल केजरीवाल हैं। दिल्ली के निवासी केजरीवाल को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं और यही कारण है कि मोदी डरे हुए हैं।'' ‘आप' ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर सिलसिलेवार पोस्ट कर बताया, ‘‘दिल्ली के बेटे अरविंद केजरीवाल के घर पहुंची ईडी! भाजपा को पता होना चाहिए कि आज पूरा देश जिस पहाड़ के समर्थन में खड़ा है, वह उस पहाड़ को हिलाने की कोशिश कर रही है। दिल्ली की जनता सब देख रही है। आज कोई चुप नहीं बैठेगा।'' 

पार्टी ने हैशटैग ‘आईस्टैंडविदकेजरीवाल' के साथ पोस्ट किया, ‘‘अरविंद केजरीवाल को झुकाने के लिए भाजपा किसी भी स्तर तक गिर सकती है। पूरी दिल्ली समेत देश की जनता आज अपने नायक अरविंद केजरीवाल के साथ खड़ी है। आपकी ये तानाशाही नहीं चलेगी और हर घर से एक केजरीवाल निकलेगा।'' ‘आप' नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘ भाजपा की राजनीतिक टीम (ईडी)., केजरीवाल की सोच को कैद नहीं कर सकती...क्योंकि आप ही भाजपा को रोक सकती है.. सोच को कभी दबाया नहीं जा सकता।'' 

भारद्वाज ने दावा किया कि ईडी ने केजरीवाल के आवास पर तलाशी ली। उन्होंने ‘एक्स' पर सिलसिलेवाल पोस्ट किया, ‘‘मुख्यमंत्री आवास में अब किसी के पास फोन तक पहुंच नहीं है और पुलिस बल आ गया है। उन्होंने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल जी की गिरफ्तारी की सभी तैयारियां की जा रही हैं।'' भारद्वाज ने मुख्यमंत्री आवास के सामने पुलिस अवरोधक का वीडियो भी साझा किया। 

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘केजरीवाल के आवास के बाहर से मीडिया को भी हटा दिया गया है। क्यों? अगर आप गिरफ्तार करना चाहते हैं, तो खुलेआम करें।'' आप के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने कहा कि केजरीवाल के पास करोड़ों लोगों का आशीर्वाद है। उन्होंने पोस्ट किया, ‘‘ लोक सभा चुनावों से ठीक पहले अरविंद केजरीवाल जी को गिरफ़्तार करने की बहुत बड़ी साज़िश चल रही है। केजरीवाल जी के साथ करोड़ों लोगों का आशीर्वाद है, कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता। दिल्ली और पंजाब में हुए शानदार कामों की चर्चा आज पूरी दुनिया में हो रही है। केजरीवाल के शरीर को गिरफ़्तार कर सकते हो लेकिन केजरीवाल की सोच को नहीं।'' 

केजरीवाल के आवास के बाहर मौजूद दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने कहा कि हर कोई इस बात पर सहमत है कि मुख्यमंत्री जेल के अंदर से सरकार चलाएंगे। दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने अन्य आप नेताओं की तरह ही भावनाएं व्यक्त कीं और कहा, ‘‘यह एक राजनीतिक साजिश है और शहर के निवासी उनसे प्यार करते हैं।'' आप नेता दुर्गेश पाठक ने मीडिया से कहा, ‘‘भाजपा सोचती है कि अगर वह केजरीवाल को गिरफ्तार करा लेगी तो वह आप को खत्म कर देगी। यह बेहद गलत है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News