'भाजपा का राजनीतिक हथियार है ED, केजरीवाल का फोन हासिल कर...', AAP नेता आतिशी का आरोप
punjabkesari.in Friday, Mar 29, 2024 - 12:59 PM (IST)
नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजनीतिक हथियार के तौर पर काम कर रहा है और वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का फोन हासिल कर ‘आप' की लोकसभा चुनाव की रणनीति की जानकारियां पाना चाहता है। ‘आप' के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में 21 मार्च को ईडी ने गिरफ्तार किया था तथा वह एक अप्रैल तक केंद्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में हैं।
ईडी भाजपा का राजनीतिक हथियार
आतिशी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि ईडी की केजरीवाल के मोबाइल फोन की जांच करने की जिद यह साबित करती है कि एजेंसी भाजपा के ‘‘राजनीतिक हथियार'' के रूप में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि यह मोबाइल फोन कुछ महीने पुराना है तथा यह तब नहीं था जब नीति बनायी व लागू की गयी थी। केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा ‘‘दरअसल, यह भाजपा है न कि ईडी जो यह जानना चाहती है कि केजरीवाल के फोन में क्या है।'' उन्होंने दावा किया कि आबकारी नीति 2021-22 में लागू की गयी और मुख्यमंत्री का मौजूदा फोन महज कुछ महीने पुराना है।
वो Arvind Kejriwal के Phone से जानना चाहते हैं, कि Lok Sabha चुनाव में AAP की क्या Strategy है।
— AAP (@AamAadmiParty) March 29, 2024
Punjab, Gujarat, Assam, Delhi के चुनाव में क्या रणनीति है।
वो जानना चाहते हैं कि INDIA Alliance ने जो देश भर में survey कराया है, उसमें क्या निकलकर आ रहा है।
ED ने फिर से एक बार… pic.twitter.com/A083yzJwxm
आतिशी के अनुसार, ईडी ने कहा है कि उस वक्त का केजरीवाल का फोन उपलब्ध नहीं है और अब वह उनके नए फोन का पासवर्ड चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘वे इसलिए फोन चाहते हैं क्योंकि वे इसमें ‘आप' की लोकसभा चुनाव की रणनीति, प्रचार अभियान की योजनाओं, ‘इंडिया' गठबंधन के नेताओं के साथ बातचीत की जानकारियां और मीडिया तथा सोशल मीडिया रणनीति से जुड़ी सूचना ढूंढ लेंगे।'' कुछ विपक्षी दलों ने संसदीय चुनाव में भाजपा को चुनौती देने के लिए ‘इंडियन नेशनल डेवपलेपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस' (इंडिया) गठबंधन बनाया है जिसमें ‘आप', तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस, द्रविड़ मुनेत्र कषगम तथा समाजवादी पार्टी भी शामिल हैं।