Bigg Boss 18 की इस कंटेस्टेंट की अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हुई भर्ती
punjabkesari.in Sunday, May 18, 2025 - 09:22 AM (IST)

नेशनल डेस्क। सलमान खान के चर्चित शो 'बिग बॉस 18' में वाइल्ड कार्ड एंट्री करने वाली साउथ इंडियन एक्ट्रेस एडिन रोज को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। खबर है कि अचानक उनकी तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें आनन-फानन में अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराना पड़ा। इस बात की जानकारी खुद एडिन रोज ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को दी है जिसके बाद उनके चाहने वाले काफी चिंतित हो गए हैं और उनकी सेहत के लिए दुआएं कर रहे हैं।
अवॉर्ड शो से पहले बिगड़ी हालत
मिली जानकारी के अनुसार एडिन रोज की तबीयत उस वक्त खराब हुई जब वह एक प्रतिष्ठित अवॉर्ड शो में शामिल होने के लिए तैयार हो रही थीं। उन्होंने अपनी सेहत की जानकारी देते हुए अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी पोस्ट की। इस पोस्ट में एडिन ने बताया कि उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक नहीं है और उन्हें मुंबई के मशहूर कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वह इस समय इमरजेंसी वार्ड में हैं।
एडिन ने दी अपनी हेल्थ अपडेट
अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में एडिन रोज ने लिखा, "मुझे इमरजेंसी में हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। नजर सच में बहुत वास्तविक है। मैं जी अवार्ड्स, प्री-प्लान्ड डिजाइनर आउटफिट, हेयर मेकअप, ज्वेलरी पहनकर तैयार हो रही थी। यह सब केवल एक घंटे पहले की बात है। जिंदगी सच में काफी अनप्रिडिक्टेबल है। वैसे भी मैं थोड़े समय के लिए छुट्टी पर जा रही हूं। मुझे अपनी दुआओं में याद रखना।" हालांकि एडिन रोज ने अपनी बीमारी के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है लेकिन उन्होंने यह जरूर बताया कि अब उनकी हालत पहले से थोड़ी बेहतर है। उन्होंने अपनी पोस्ट में 'नजर' लगने की बात भी कही जिससे उनके फैंस और भी चिंतित हो गए हैं।
फैंस चिंतित, कर रहे हैं जल्द ठीक होने की कामना
जैसे ही एडिन रोज के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सोशल मीडिया पर फैली उनके फैंस और फॉलोअर्स ने कमेंट सेक्शन में अपनी चिंताएं व्यक्त करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा, "मैम, क्या आप ठीक हैं?" वहीं एक अन्य यूजर ने पूछा, "आपको अचानक क्या हुआ?" कुछ यूजर्स ने उनकी 'छुट्टी' पर भी सवाल उठाए और जानना चाहा कि वह कहां जा रही हैं। उनके चाहने वालों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए "गेट वेल सून मैडम" जैसे कमेंट्स भी किए। एडिन रोज के फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्द ही पूरी तरह से ठीक होकर वापस आएंगी और उन्हें अपनी सेहत के बारे में विस्तृत जानकारी देंगी।