''भारत बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा हथियार सप्लायर, कोई नहीं रोक सकता'', रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा बयान

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2026 - 12:44 AM (IST)

नेशनल डेस्कः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत के रक्षा क्षेत्र (डिफेंस सेक्टर) को लेकर एक बहुत बड़ा और जोश भरा बयान दिया है। शनिवार को महाराष्ट्र के शिरडी में एक गोला-बारूद निर्माण इकाई का उद्घाटन करने पहुंचे रक्षा मंत्री ने कहा कि आने वाले 25 से 30 सालों में भारत दुनिया का सबसे बड़ा हथियार निर्यातक (Exporter) देश बनेगा और भारत को ऐसा करने से दुनिया की कोई भी ताकत नहीं रोक सकती।

प्राइवेट सेक्टर की हिस्सेदारी 50% करने का लक्ष्य
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने देश की बदलती तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा कि भारत, जिसे पहले केवल हथियारों का आयात करने वाला देश माना जाता था, अब अपनी पहचान बदल रहा है। सरकार का लक्ष्य अब रक्षा उत्पादन में निजी क्षेत्र (Private Sector) की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक ले जाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब सरकार की दूरदृष्टि और प्राइवेट सेक्टर का इनोवेशन एक साथ मिलते हैं, तो देश नई ऊंचाइयों को छूता है।

अब 'नट-बोल्ट' नहीं, अत्याधुनिक हथियार बना रहा निजी क्षेत्र
निजी कंपनियों की प्रशंसा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि अब यह सेक्टर सिर्फ छोटे-मोटे नट-बोल्ट का सप्लायर बनकर नहीं रह गया है। आज भारत का प्राइवेट सेक्टर अत्याधुनिक हथियार प्रणालियों का निर्माता बन चुका है। उन्होंने आह्वान किया कि भारत को गोला-बारूद और ऑटोमेशन का ग्लोबल हब बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

भविष्य के युद्ध होंगे 'मल्टी-सेक्टरल': CDS अनिल चौहान
इसी कार्यक्रम में मौजूद चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने भविष्य की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युद्ध केवल जमीन, समुद्र या हवा तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि ये मल्टी-सेक्टरल होंगे। भविष्य की लड़ाइयां साइबर क्षेत्र के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक तरीके से भी लड़ी जाएंगी।

AI और रोबोटिक्स तय करेंगे हार-जीत
CDS ने आधुनिक युद्ध कला में बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि अब लड़ाइयां सिर्फ इंसानी ताकत या पारंपरिक हथियारों के भरोसे नहीं जीती जा सकतीं। आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन, रोबोटिक्स, स्पेस टेक्नोलॉजी और सटीक मारक क्षमता वाले हथियार ही युद्ध के परिणाम तय करेंगे। उन्होंने सूचना प्रभुत्व (Information Dominance) को भी भविष्य के युद्धों के लिए अत्यंत निर्णायक बताया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News