सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ा अलर्ट! 31 जनवरी से पहले करें ये काम, वरना रुक जाएगी सैलरी और प्रमोशन
punjabkesari.in Wednesday, Jan 07, 2026 - 08:10 PM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने अधीन काम करने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही को और सख्त कर दिया है। अब राज्य के सभी कर्मचारियों को अपनी चल और अचल संपत्तियों का पूरा ब्योरा ऑनलाइन देना अनिवार्य होगा। यह जानकारी मानव संपदा (Human Resource Management System) पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। इस नए नियम के दायरे में प्रदेश के करीब आठ लाख से ज्यादा सरकारी कर्मचारी आएंगे।
सरकार ने साफ कर दिया है कि अगर कोई कर्मचारी तय समयसीमा के भीतर अपनी संपत्ति का विवरण अपलोड नहीं करता है, तो उसकी जनवरी महीने की सैलरी रोकी जा सकती है। इतना ही नहीं, प्रमोशन पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा और ऐसे कर्मचारियों को आगे बढ़ने का मौका नहीं मिलेगा।
31 जनवरी तक देना होगा संपत्ति का ब्योरा
मुख्य सचिव की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि सभी अधिकारी और कर्मचारी 31 जनवरी 2026 तक अपनी चल-अचल संपत्तियों की जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करें। आदेश की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, जिन कर्मचारियों ने तय तारीख तक विवरण नहीं दिया, उनकी जनवरी की सैलरी फरवरी में रोकी जा सकती है। साथ ही 1 फरवरी 2026 को प्रस्तावित विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की बैठक में ऐसे कर्मचारियों को प्रमोशन के लिए विचार भी नहीं किया जाएगा।
ऑनलाइन ऐसे करें प्रॉपर्टी डिटेल अपलोड
सरकार ने कर्मचारियों की सुविधा के लिए मानव संपदा पोर्टल पर पूरी प्रक्रिया तय कर दी है। संपत्ति का विवरण अपलोड करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो करें-
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ehrms.upsdc.gov.in पर जाएं।
- अपने यूजर आईडी (एम्प्लॉई कोड) और पासवर्ड से लॉग इन करें। पासवर्ड भूलने पर ‘Forgot Password’ विकल्प का इस्तेमाल करें।
- लॉग इन करने के बाद “Property Details” या “Property Declaration” सेक्शन चुनें।
- यहां अपनी चल और अचल संपत्तियों का पूरा विवरण भरें, जैसे संपत्ति का प्रकार, स्थान और अनुमानित कीमत।
- सभी जानकारी भरने के बाद फॉर्म सेव करें और सबमिट कर दें। सबमिशन के बाद आपको कन्फर्मेशन मैसेज मिलेगा।
- सरकार का कहना है कि यह कदम पारदर्शिता बढ़ाने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाया गया है, इसलिए सभी कर्मचारियों को समय रहते नियमों का पालन करना चाहिए।
