DA Hike: त्योहारों से पहले कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, इस सरकार ने लिया ये अहम फैसला

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 08:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क : महाराष्ट्र सरकार ने त्योहारों से पहले अपने कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। गुड़ी पड़वा और होली के अवसर पर राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह बढ़ोतरी जुलाई 2025 से प्रभावी मानी जाएगी। राज्य के वित्त राज्यमंत्री आशीष जायसवाल ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ जल्द मिलना शुरू हो जाएगा। 19 मार्च को मनाए जाने वाले गुड़ी पड़वा से पहले यह घोषणा कर्मचारियों के लिए खास मायने रखती है।

फरवरी से नकद भुगतान, मार्च में मिलेगा बकाया

सरकार के मुताबिक संशोधित महंगाई भत्ते का भुगतान फरवरी महीने से नकद किया जाएगा। जुलाई 2025 से अक्टूबर 2025 तक की अवधि का बकाया मार्च 2026 में गुड़ी पड़वा के मौके पर जारी किया जाएगा। वहीं नवंबर 2025 से जनवरी 2026 तक के एरियर को लेकर अलग से आदेश जारी होंगे। इस निर्णय से करीब 5.16 लाख सरकारी कर्मचारी और 8.72 लाख पेंशनधारक लाभान्वित होंगे। त्योहारों के मौसम में यह राहत आर्थिक संबल देने वाली मानी जा रही है।

पिछले वर्ष भी मिला था बड़ा लाभ

गौरतलब है कि बीते साल फरवरी में भी राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में उल्लेखनीय वृद्धि की थी। उस समय मुख्यमंत्री पद पर एकनाथ शिंदे थे और सरकार ने 12 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का निर्णय लिया था। लगातार दूसरे वर्ष त्योहारों से पहले राहत देने की परंपरा को जारी रखते हुए इस बार भी कर्मचारियों को राहत प्रदान की गई है।

निजी क्षेत्र में भी बढ़ेगा वेतन?

सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी इस साल वेतन वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है। वैश्विक पेशेवर सेवा कंपनी एओएन की ‘वार्षिक वेतन वृद्धि एवं कारोबार सर्वेक्षण 2025-26’ रिपोर्ट के अनुसार, 2026 में औसतन 9.1 प्रतिशत वेतन वृद्धि का अनुमान है। यह 2025 में दर्ज 8.9 प्रतिशत वास्तविक वृद्धि से थोड़ा अधिक है। सर्वेक्षण में 45 उद्योग क्षेत्रों की 1,400 से ज्यादा कंपनियों के आंकड़ों का विश्लेषण शामिल किया गया है, जिससे संकेत मिलता है कि वेतन वृद्धि का रुझान सकारात्मक बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News