महाराष्ट्र सरकार का बड़ा ऐलान: 55% से 58% हुआ सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का DA
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 12:21 PM (IST)
DA Hike News: होली के त्योहार से ठीक पहले महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों के लिए एक तोहफे का ऐलान किया है। राज्य सरकार ने DA में 3% की बढ़ोतरी करने का फैलसा लिया है, जिससे अब कर्मचारियों को मिलने वाला कुल भत्ता 55% से बढ़कर 58% हो गया है।
विधानसभा में वित्त राज्य मंत्री ने किया ऐलान
बुधवार को सदन की कार्यवाही के दौरान वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने इस वृद्धि की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह नई दरें जुलाई 2025 से प्रभावी मानी जाएंगी। इस फैसले का सीधा असर कर्मचारियों के मासिक वेतन और पेंशनभोगियों की मासिक आय पर पड़ेगा, जिससे उन्हें बढ़ती महंगाई से लड़ने में मदद मिलेगी।

कब और कैसे मिलेगा बकाया ?
सरकार ने न केवल भत्ते में वृद्धि की है, बल्कि पिछले महीनों के बकाये भुगतान का शेड्यूल भी स्पष्ट कर दिया है। इसके अनुसार बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता इसी महीने से कर्मचारियों को नकद मिलना शुरू हो जाएगा। जुलाई से अक्टूबर 2025 का एरियर के बकाया भुगतान मार्च 2026 में 'गुड़ी पड़वा' के त्यौहार के अवसर पर किया जाएगा।नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के एरियर के लिए सरकार जल्द ही आदेश जारी करेगी।
13 लाख से अधिक परिवारों को लाभ
इस वित्तीय निर्णय से राज्य के खजाने पर अतिरिक्त भार तो पड़ेगा, लेकिन यह एक बड़े वर्ग के लिए बड़ी राहत है। इस फैसले से 5.16 लाख से अधिक राज्य सरकार के सक्रिय कर्मचारियों, 8.72 लाख के करीब पेंशनभोगियों को फायदा होगा। कुल मिलाकर, महाराष्ट्र के लगभग 13.88 लाख परिवारों को इस वेतन वृद्धि का सीधा फायदा मिलेगा।
