फर्जी कांस्टेबल बन 20 महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाया, 10 के साथ बनाए शारीरिक संबंध... 2 बीवियों को भी दे रहा था धोखा

punjabkesari.in Thursday, Jul 03, 2025 - 04:17 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर के चरथावल निवासी 32 वर्षीय नौशाद त्यागी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जो पिछले तीन वर्षों से उत्तर प्रदेश के कई जिलों और राज्यों में पुलिस कांस्टेबल की वर्दी पहनकर महिलाओं को धोखा दे रहा था। नौशाद ने खुद को कभी राहुल त्यागी, कभी रिक्की त्यागी और कभी नौशाद त्यागी बताकर करीब 20 महिलाओं को प्रेम के जाल में फंसाया।

दोस्त से चुराई वर्दी और फिर...
पुलिस के अनुसार, नौशाद की पहली पत्नी उससे 23 साल बड़ी है, जबकि दूसरी पत्नी मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस इलाके में रहती है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने एसओजी कांस्टेबल की वर्दी अपने एक दोस्त से चुराई थी, जिसका बैग गलती से उसके पास छूट गया था। वर्दी पहनकर उसने महिलाओं को अपने जाल में फंसाना शुरू किया और अवैध रूप से पैसे भी कमाए।

विधवा महिलाओं को बनाता था निशाना
नौशाद उन महिलाओं को निशाना बनाता था जो विधवा थीं या किसी वजह से पति से दूर रहती थीं। वह शादी का झांसा देकर उनसे करीब 3 लाख रुपए तक की राशि और गहने ऐंठ चुका है। पुलिस के मुताबिक, नौशाद ने 10 महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध भी बनाए।

शादी का झांसा देकर ऐंठे लाखों रूपए
मामला उस वक्त उजागर हुआ जब उसने एक विधवा महिला से शादी का झांसा देकर लगभग 2.75 लाख रुपए और 3 लाख के गहने ले लिए। महिला को जब शक हुआ, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने नौशाद को गिरफ्तार कर लिया।

फोन से कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बरामद
पुलिस ने उसके मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बरामद किए हैं, जो उसके अपराधों का प्रमाण हैं। उसके पास से धोखे में इस्तेमाल की गई वर्दी और कई नामों वाली नेम प्लेट भी मिली है। नौशाद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News