Bank Holiday: 14 या 15 जनवरी कब है बैंकों में मकर संक्रांति की छुट्टी? जानें अपने शहर की तारीख
punjabkesari.in Tuesday, Jan 13, 2026 - 08:37 PM (IST)
नेशनल डेस्कः मकर संक्रांति 2026 के अवसर पर इस बार बैंकों की छुट्टियों में कुछ बदलाव और क्षेत्रीय अंतर देखने को मिल रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की जनवरी की बैंक अवकाश सूची के अनुसार, मकर संक्रांति 14 और 15 जनवरी को मनाई जाएगी। हालांकि, इस बार उत्तर प्रदेश में बैंकिंग सेवाओं की छुट्टी की तारीख बदल गई है।
उत्तर प्रदेश में बदलाव
उत्तर प्रदेश सरकार ने पहले 14 जनवरी को बैंक बंद रहने की घोषणा की थी। लेकिन ताजा आदेश (12 जनवरी 2026 को जारी) के अनुसार, अब यूपी में बैंक 15 जनवरी 2026 (गुरुवार) को बंद रहेंगे। 14 जनवरी को राज्य के सभी बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे। यह निर्णय ‘नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट 1881’ के तहत लिया गया है। इस आदेश के तहत उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी और निजी बैंक 15 जनवरी को बंद रहेंगे।
अन्य राज्यों में बैंकों की छुट्टियां
देश के विभिन्न राज्यों में मकर संक्रांति, पोंगल और माघ बिहू के अवसर पर छुट्टियों की तारीख अलग-अलग है।
14 जनवरी 2026 (बुधवार): अहमदाबाद (गुजरात), भुवनेश्वर (ओडिशा), गुवाहाटी (असम), ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) में बैंक बंद रहेंगे।
15 जनवरी 2026 (गुरुवार): लखनऊ/कानपुर (उत्तर प्रदेश), बेंगलुरु (कर्नाटक), चेन्नई (तमिलनाडु), हैदराबाद (तेलंगाना), विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश), गंगटोक (सिक्किम) में बैंक अवकाश रहेगा।
16 जनवरी 2026 (शुक्रवार): चेन्नई (तमिलनाडु) में तिरुवल्लुवर दिवस के मौके पर बैंक बंद रहेंगे।
दिल्ली और मुंबई
- दिल्ली (NCR) में मकर संक्रांति पर आम तौर पर बैंक खुलते हैं। इस साल भी 14 और 15 जनवरी को बैंक खुले रहने की संभावना है।
- मुंबई (महाराष्ट्र) में हालांकि, नगर निगम चुनाव और उत्तरायण के कारण 15 जनवरी को कई जगह बैंक बंद रह सकते हैं।
