असम राइफल्स ने जवानों के लिए आहार में शामिल किया बाजरा; कम कर रहे चावल और गेहूं का इस्तेमाल
punjabkesari.in Monday, Sep 04, 2023 - 06:13 AM (IST)

शिलांगः केंद्र की ‘श्री अन्न'(मिलेट्स) को बढ़ावा देने की नीति के तहत असम राइफल्स के जवान अपने आहार में धीरे-धीरे चावल और गेंहू की मात्रा कम कर रहे हैं और इनके स्थान पर रेशों की उच्च मात्रा से युक्त एवं स्वास्थ्यवर्धक ‘श्री अन्न' को भोजन में शामिल कर रहे हैं। बल के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पी.सी.नायर ने यह जानकारी दी।
अर्द्धसैनिक बल ने अपने राशन में 10 प्रतिशत ‘मोटे अनाज' को शामिल
असम राइफल्स के महानिदेशक ने बताया कि अर्द्धसैनिक बल ने अपने राशन में 10 प्रतिशत ‘मोटे अनाज' को शामिल किया है। लेफ्टिनेंट जनरल नायर ने मीडिया से कहा, ‘‘ हम चावल के स्थान पर ज्वार, बाजरा और रागी दे रहे हैं और गेंहू के स्थान पर जवानों को हम दलिया परोस रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि भारत ‘अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष' मना रहा है और असम राइफल्स ने भी अकसर नजर अंदाज किए जाने वाले भारतीयों के मुख्य आहार को अंगीकार किया है।
बल बाजरा वितरण को 25 फीसदी तक बढ़ाने पर कर सकता है विचार
लेफ्टिनेंट जनरल नायर ने कहा कि सैनिकों से नए आहार पर शुरुआती प्रतिक्रिया बहुत अच्छी रही है, बल बाजरा वितरण को 25 फीसदी तक बढ़ाने पर विचार कर सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि जवानों को टिन दूध या पाउडर दूध के बजाय जहां भी संभव हो वहां गाय का ताजा दूध परोसा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बल में 40-45 साल से अधिक उम्र के सैनिकों को कम तेल, घी आदि वाले आहार के साथ परोसा जा रहा है।