असम में हो सकता है बड़ा फेरबदल, सर्वानंद सोनोवाल की जगह हेमंत बिस्व सरमा हो सकते हैं नए मुख्यमंत्री

punjabkesari.in Sunday, May 09, 2021 - 05:36 AM (IST)

नई दिल्लीः असम में इस बार भाजपा अपने मुख्यमंत्री का चेहरा बदल सकती है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बार असम में भाजपा सर्वानंद सोनोवाल की जगह हेमंत बिस्व सरमा को मुख्यमंत्री बना सकती है। भाजपा ने असम विधानसभा चुनाव में सर्वानंद को बतौर सीएम प्रोजेक्ट करने पर चुप्पी साध रखी थी।

असम में नई सरकार के गठन के बीच शनिवार को राज्य में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सर्बानंद सोनोवाल और हिमंत बिस्व सरमा ने पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। एक के बाद एक कर कई बैठकों के बाद सरमा ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा के असम विधायक दल की बैठक गुवाहाटी में रविवार को होने की संभावना है और अगली सरकार से संबंधित सारे सवालों के वहां जवाब दिये जाएंगे।

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने असम में अगली सरकार के नेतृत्व को लेकर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को असम के निवर्तमान मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल एवं स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा को दिल्ली बुलाया था। नड्डा के निवास पर असम के दोनों नेताओं , शाह और भाजपा महासचिव (संगठन) बी एल संतोष और पार्टी अध्यक्ष के बीच तीन दौर की बैठकें हुई हैं। ये बैठकें चार घंटे से अधिक समय तक चलीं। पहले दो दौर की बैठकों में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने असम के दोनों नेताओं के साथ अलग-अलग बैठक की।

तीसरे और अंतिम दौर में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने दोनों नेताओं से एक-साथ बातचीत की। इन बैठकों में असम में अगली सरकार के गठन और अगले मुख्यमंत्री का विषय मुख्य रूप छाया रहा। सोनोवाल और सरमा नड्डा के निवास पर अलग-अलग पहुंचे लेकिन बैठक के बाद दोनों एक ही कार में साथ निकले।

असम के सोनोवाल-कछारी आदिवासी समुदाय से संबंध रखने वाले सोनोवाल और उत्तर पूर्व लोकतांत्रिक गठबंधन के संयोजक सरमा मुख्यमंत्री पद के मजबूत दावेदार हैं। भाजपा ने असम में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की थी। उसने 2016 विधानसभा चुनाव में सोनोवाल को इस पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया था और चुनाव जीता था।

इसी के साथ पूर्वोत्तर में भगवा दल की पहली सरकार गठित हुई थी। इस बार,पार्टी कहती रही कि वह चुनाव के बाद फैसला करेगी कि असम का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। भाजपा ने 126 सदस्यीय असम विधानसभा में 60 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी असम गण परिषद से नौ और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल ने छह सीटें जीतीं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News