दिल्ली: धर्म विशेष के खिलाफ नारेबाजी के मामले में अश्विनी उपाध्याय भी शामिल, हो सकती है गिरफ्तारी- दिल्ली पुलिस

punjabkesari.in Monday, Aug 09, 2021 - 11:39 PM (IST)

नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर रविवार आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान धर्म विशेष के खिलाफ नारेबाजी के वायरल वीडियो पर दिल्ली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, मामले में पूर्व भाजपा प्रवक्ता व सुप्रीम कोर्ट के वकील अश्विनी उपाध्याय की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस अश्विनी उपाध्याय को गिरफ्तार कर सकती है। 
PunjabKesari
सोमवार को दिल्ली पुलिस ने एक बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि रविवार की घटना में शामिल अश्विनी उपाध्याय और अन्य को गिरफ्तार किया जाएगा। दिल्ली पुलिस कानून के मुताबिक, मामले की जांच कर रही है और किसी भी तरह की सांप्रदायिक विद्वेष को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस आयोजन की इजाजत नहीं थी। 

नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त दीपक यादव का कहना है कि वीडियो को कब्जे में लेकर कनॉट प्लेस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं कार्यक्रम के आयोजकों का कहना है कि उनके कार्यक्रम में ऐसी कोई नारेबाजी नहीं की गई। जिन लोगों ने यह नारेबाजी की है, उनसे उनका कोई संबंध नहीं है। भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर मौजूदा समय में भी जारी 222 अंग्रेजी कानूनों के विरोध में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

अश्विनी उपाध्याय का कहना है कि वह कल किसी भी समय पर पुलिस के सामने पेश होने को तैयार हैं। अश्विनी उपाध्याय ने सफाई भी पेश की है और दावा किया है कि वह कार्यक्रम में गेस्ट के तौर पर थे। और नारे लगाने वाले किसी भी व्यक्ति को नहीं जानते। 

जंतर मंतर पर हुई हेट स्पीच में अभी चार लोग दिल्ली पुलिस के राडार पर हैं। इनमें उत्तम मालिक, विनीत क्रांति, पिंकी भैया और अश्विनी उपाध्याय, जो कि इस प्रदर्शन के आयोजक थे, शामिल हैं। इन सभी की तलाश की जा रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News