धर्मशाला गैंगरेप मामला: प्रदेश पुलिस पर नहीं है भरोसा, CBI करे जांच: किशन कपूर

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2015 - 02:41 PM (IST)

कांगड़ा: आज धर्मशाला महाविद्यालय के तथाकथित विवादास्पद गैंगरेप मामले में पूर्व मंत्री एवं भाजपा के शीर्ष नेता किशन कपूर ने एक पत्रकार वार्ता कर हिमाचल पुलिस की कार्रवाई पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी को पुलिस पर यकीन नहीं है तथा वह इस अमानवीय मामले की सी.बी.आई द्वारा जांच की मांग की है। 


उन्होंने कहा कि जब से कांग्रेस की सरकार प्रदेश में आई है धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में ही 5 कत्ल हुए है जिसको ये सरकार आज तक सुलझा न पाई है या ये भी कहा जा सकता है कि सुलझाना ही नहीं चाहती है। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए धर्मशाला के विधायक पर पुलिस पर मौजूदा रेप केस के बारे में दवाव बनाने का भी आरोप लगाया। साथ ही पूर्व उद्योग मंत्री व भाजपा नेता किशन कपूर ने कॉलेज प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब महिला शिकायत लेकर प्राचार्य के पास आई थी तो तब क्यूं नहीं तुरंत एक्शन लिया गया।   


उन्होंने कहा कि प्राचार्य ने साफतौर पर कहा है कि महिला उन्हें मिली थी। साथ ही कॉलेज प्राचार्य का बयान आया है कि महिला के उनके पास आने के बाद वह महिला पुलिस स्टेशन गए। लेकिन जब महिला उनके पास आई थी तब क्यूं नहीं उन्होंने मामले को गंभीर लिया। उन्होंने सवाल उठाया है कि कॉलेज प्रशासन किसके दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटना दुग्भाग्यपूर्ण है। 


उन्होंने स्थानीय विधायक व मंत्री को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विधायक व मंत्री इस मामले को सख्ती से निटपने के आदेश देने की बजाय सोशल नेटवर्किंग साईट पर नजर रखे जाने व कार्रवाई की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सहित धर्मशाला में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। हत्याओं को आत्महत्याओं में बदला जा रहा है। धर्मशाला में पांच हत्याएं हुई हैं, जिनके मामले तक ही दर्ज नहीं हुए हैं। 


उन्होंने विगत दिन एसपी कार्यालय में ज्ञापन देने जा रहे एबीवीपी के कार्यकर्त्ताओं को गेट पर रोकने की भी निंदा की है और कहा कि लोकतंत्र की धज्जियां उड़ रही हैं। उन्होंने पुलिस पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस किसके दबाव में काम कर रही है। उन्हें प्रदेश पुलिस से उम्मीद नहीं है कि न्याय मिले। इसलिए भाजपा इस मामले में सी.बी.आई. जांच की मांग करती है। उन्होंने पुलिस को 24 तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो 24 तारीख को धर्मशाला में जलूस निकाला जाएगा। इस मौके पर भाजपा प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु मिश्रा, कांगड़ा व चंबा लोकसभा मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा के अलावा धर्मशाला मंडल भाजपा के अध्यक्ष व महासचिव भी मौजूद रहे।

 
  

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News