... और देखते ही देखते छिन गया मां से उसका बेटा

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2015 - 02:17 AM (IST)

रेवाड़ी (वधवा): बावल क्षेत्र के गांव भूड़ला में कुएं में गिरे अढ़ाई साल के बेटे को बचाने के चक्कर में असंतुलित होकर मां भी कुएं में जा गिरी। वहीं पर 5 साल के दूसरे बेटे ने जब यह देखा तो उसने भाग-दौड़ करके मां व भाई को कुएं से निकलवाया। तब तक अढ़ाई साल के बच्चे की मौत हो चुकी थी और मां की हालत गंभीर थी। उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 
 
वीरवार की देर शाम को गांव भूड़ला की विवाहिता सुनीता देवी पत्नी सुरेंद्र अढ़ाई व 5 साल के बेटों के साथ खेत में तूड़ा लेने गई थी। उसने दोनों बच्चों को पास ही खेलने के लिए छोड़ दिया था। छोटा बेटा अचानक खेलते हुए पास के कुएं की मुंडेर पर जा पहुंचा। घबराई मां जैसे ही मुंडेर पर पहुंची तो बच्चा कुएं में गिर गया और घबराहट में वह भी असंतुलित होकर कुएं में जा गिरी। यह सब 5 साल के बच्चे ने देखा तो दौड़ कर खेतों में काम कर रहे किसानों को बुलाया। तत्पश्चात ग्रामीणों की मदद से मां-बेटे को कुएं से बाहर निकाला गया। तब तक बच्चे ने दम तोड़ दिया था। सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गई थी और उसे अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News