टी.टी.ई. को चलती ट्रेन से नीचे फैंका

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2015 - 12:54 AM (IST)

अम्बाला छावनी (रमिंद्र/जतिन): गोवा से चंडीगढ़ सम्पर्क क्रांति में बीती रात टी.टी.ई. को ए.एस.आई. द्वारा चलती ट्रेन से फैंकने के मामले में जी.आर.पी. ने कार्रवाई आरम्भ कर दी है। शुक्रवार देर शाम थाने के एस.एच.ओ. पवन कुमार छावनी सिविल अस्पताल में पहुंचे जहां उन्होंने घायल टी.टी.ई. के बयान लिए। 
 
गाड़ी संख्या 12449 गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रैस में मध्यरात्रि ट्रेन में तैनात टी.टी.ई. प्रेम सिंह राणा और जी.आर.पी. के ए.एस.आई. बलवान सिंह के बीच बहस हो गई। टी.टी.ई. का आरोप है कि कुरुक्षेत्र-अम्बाला स्टेशन के मध्य डोडाखेड़ी के निकट ए.एस.आई. ने मारपीट कर उसे चलती ट्रेन से नीचे फैंक दिया। सौभाग्य था कि ट्रेन उस समय धीमी रफ्तार पर थी और वह नाले में गिर गया। यात्रियों ने चेन खींच ट्रेन रोकने के बाद टी.टी.ई. को ट्रेन में चढ़ाया गया। घायल टी.टी.ई. को छावनी के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। 
 
चंडीगढ़ हैडक्वार्टर में तैनात टी.टी.ई. प्रेम राणा ने बताया कि वह ट्रेन के स्लीपर श्रेणी कोच में टिकट चैक कर रहे था। ट्रेन में 4 यात्री चढ़े थे जिनके पास टिकट नहीं थी। तभी उसी डिब्बे में वर्दी में बैठे ए.एस.आई. बलवान सिंह ने यात्रियों को भड़काया कि वह टिकट क्यों बनवा रहे हैं। जिस पर विवाद हो गया और ए.एस.आई. ने टी.टी.ई से मारपीट की इसी दौरान ए.एस.आई. का आई.कार्ड नीचे गिर गया जिसे टी.टी.ई. ने उठाकर अपने पास रख लिया फिर गुस्साए ए.एस.आई. ने डोडाखेड़ी स्टेशन के निकट टी.टी.ई. प्रेम सिंह को ट्रेन से नीचे फैंक दिया। प्रेम सिंह नाले में गिर गया जिस वजह से उन्हें गंभीर चोट नहीं लगी। 
 
जी.आर.पी. अम्बाला थाने में तैनात ए.एस.आई. बलवान सिंह ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उसने बताया कि उलटा टी.टी.ई. ने उससे मारपीट की जिस वजह से उसकी वर्दी भी फट गई व उसे चोटें आईं। ए.एस.आई. का आरोप था कि यात्रियों की शिकायत आई थी कि टी.टी.ई. द्वारा पैसे लेने के बावजूद यात्रियों को टिकट नहीं दी गई। जब उसने पूछताछ की तो टी.टी.ई. घबरा गया और उलटा उससे मारपीट करने लगा। 
 
सीनियर डी.सी.एम. प्रवीण गौड़ ने बताया कि रेलवे स्टाफ को जी.आर.पी. स्टाफ द्वारा चलती ट्रेन से धक्का देने की घटना दुखद है। मारपीट करने वाले ए.एस.आई. के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए जी.आर.पी. अधिकारियों से बातचीत कर मामला दर्ज करवाया जाएगा। डी.एस.पी. हैडक्वार्टर सुरेश कौशिक ने बताया कि इस मामले में छानबीन की जा रही है। शाम तक दोनों पक्षों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली। शिकायत मिलते ही मामले में छानबीन की जाएगी व सही स्थिति का पता लगाया जाएगा। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News