मुफ्ती मोहम्मद का शपथ ग्रहण कल, सुरक्षा के इंतजाम कड़े

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2015 - 05:13 PM (IST)

जम्मू: मुफ्ती मोहम्मद सईद की अगुवाई वाली भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार के कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा को लेकर शहर में बहुस्तरीय सुरक्षा इंतजाम किए गए है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उत्तम चंद ने कहा, ‘कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह और प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को लेकर जम्मू और उसके आसपापस भारी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।’ कल जम्मू विश्वविद्यालय के जनरल जोरावर सिंह ऑडिटोरियम में शपथ ग्रहण समारोह होगा। 

समारोह स्थल पर आमलोगों की आवाजाही रोक दी गई है और वहां मेटल डिटेक्टर एवं खोजी कुत्ते से पूरे क्षेत्र की तलाशी ली गई। एक एसपीजी टीम इस कार्यक्रम के लिए पहले से ही जम्मू में है। जम्मू संभाग के संभागीय आयुक्त शांत मनु ने बताया कि सुरक्षा उपायों की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव ने आज एक बैठक की। निगम के 200-300 कर्मचारियों को शहर के विभिन्न इलाकों खासकर जम्मू विश्वविद्यालय एवं उसके आसपास की साफ-सफाई पर लगाया गया है। सईद (79) जम्मू में एक समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे तथा उनके साथ पीडीपी और भाजपा के 12-12 विधायक भी मंत्रीपदों की शपथ लेंगे। इस समारोह में मोदी भी मौजूद रहेंगे। 

भाजपा के निर्मल सिंह के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है। दिसंबर में विधानसभा चुनाव के बाद त्रिशुंक विधानसभा के अस्तित्व में आने के बाद दोनों दल गठबंधन बनाने के लिए वार्ता में जुटे थे। उनका न्यूनतम साझा कार्यक्रम कल घोषित किया जाएगा। इस न्यूनतम साझा कार्यक्रम में अनुच्छेद 370, सशस्त्र बल विशेषाधिकार अधिनियम, पश्चिम पाकिस्तान के शरणार्थियों के पुनर्वास जैसे सभी विवादास्पद मुद्दे होंगे।

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News