जम्मू कश्मीर में जल्द बनेगी सरकार: राजनाथ

punjabkesari.in Wednesday, Jan 28, 2015 - 09:24 PM (IST)

इलाहाबाद: जम्मू कश्मीर में सरकार बनाने के लिए पी.डी.पी. के साथ बात कर रही भाजपा ने आज कहा कि राज्य में जल्द ही लोकतांत्रिक सरकार बनेगी और गठबंधन के लिए व्यापक रूपरेखा तय की जा रही है।  
 
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दोनों दलों के बीच बातचीत का ब्योरा तो नहीं दिया लेकिन कहा कि ‘हम बातचीत कर रहे हैं’। हालांकि उन्होंने यह भी नहीं बताया कि भाजपा सरकार बनाने के लिए किस पार्टी के साथ बातचीत कर रही है। इस बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, ‘‘ये अंदर की बात है।’’ उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य में जल्द ही एक लोकतांत्रिक सरकार बनेगी।
 
सिंह ने ब्योरा नहीं दिया लेकिन सूत्र बताते हैं कि दोनों पार्टियों के बीच अधिकतर मुद्दों को सुलझा लिया गया है जिनमें एक साझा न्यूनतम कार्यक्रम होना, अनुच्छेद 370 जैसे विवादास्पद मुद्दों को छोड़ना, पश्चिम पाकिस्तान के शरणार्थियों का पुनर्वास और अलगाववादियों के साथ नरम रुख जैसे विषय हैं।  
 
राज्य में भाजपा का एक उपमुख्यमंत्री होने के साथ उसके पास कुछ महत्वपूर्ण विभाग भी होंगे और गृह मंत्री भी पार्टी का होगा। विधानसभा चुनाव के 23 दिसंबर को आए नतीजों में भाजपा ने राज्य में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 87 में से 25 सीटें हासिल कर दूसरे नंबर की पार्टी बनी। पी.डी.पी. 28 सीटों के साथ पहले स्थान पर रही।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News