पाक की कठुआ में घुसपैठ की कोशिश नाकाम
punjabkesari.in Thursday, Jan 08, 2015 - 07:09 AM (IST)
जम्मू/साम्बा : सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) ने पाकिस्तान स्थित उग्रवादियों की जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में घुसपैठ की एक और कोशिश को नाकाम कर दिया। ये उग्रवादी सीमा पार से हो रही गोलीबारी और घने कोहरे की आड़ में भारतीय क्षेत्र में घुसने का प्रयास कर रहे थे।
बी.एस.एफ. के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज बताया, ‘‘बीती रात कठुआ जिले के पल्लिया इलाके में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर चिलियाड़ी-खोड़ा क्षेत्र के उग्रवादियों के एक समूह की गतिविधि दिखी।’’
उन्होंने बताया कि बी.एस.एफ. के सतर्क जवानों ने गोलीबारी कर घुसपैठ के प्रयास को विफल कर दिया। अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से की जाने वाली गोलीबारी और घने कोहरे की आड़ में एक हफ्ते के भीतर उग्रवादियों की ओर से घुसपैठ का यह 5वां प्रयास था। वहीं बी.एस.एफ. अधिकारी डी.के. पाठक ने कल कहा था कि घुसपैठ के लिए सीमा पार बड़ी संख्या में उग्रवादी इंतजार कर रहे हैं।
वहीं अंतराष्ट्रीय सीमा पर गत 24 घंटे शांति रहने के बाद पाकिस्तानी रेंजर्स ने फिर युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए देर रात में फिर सांबा सैक्टर की रीगल सीमा चौकी पर गोलीबारी की। इस गोलीबारी का बी.एस.एफ. जवानों ने भी कड़ा जवाब दिया।
