2014 से अब तक भारत में कितने घुसपैठिए गिरफ्तार, जानें किस बॉर्डर से पकड़े गए सबसे ज्यादा लोग?
punjabkesari.in Tuesday, Dec 16, 2025 - 06:11 PM (IST)
नेशनल डेस्क : सरकार ने संसद को एक अहम जानकारी देते हुए बताया है कि 2014 से अब तक भारत की सीमाओं पर पाकिस्तान, बांग्लादेश, म्यांमार, नेपाल और भूटान से कुल 23,926 घुसपैठियों को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया है। वहीं इस दौरान भारत-चीन सीमा पर किसी भी प्रकार की घुसपैठ का मामला सामने नहीं आया है। लोकसभा में पेश किए गए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा घुसपैठ के मामले भारत-बांग्लादेश सीमा पर सामने आए। इसके बाद म्यांमार, पाकिस्तान और नेपाल-भूटान की सीमाओं की बारी आती है।
जनवरी से नवंबर 2025 तक 3,120 घुसपैठिए गिरफ्तार
साल दर साल के आंकड़े बताते हैं कि भारत की पश्चिमी और पूर्वी सीमाओं पर घुसपैठ की घटनाएं लगातार जारी रही हैं। वहीं उत्तरी सीमा, यानी चीन के साथ वाली सीमा पर अब तक कोई घुसपैठ दर्ज नहीं हुई। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया और शर्मिला सरकार के सवालों के लिखित जवाब में बताया कि 2014 से 2024 तक भारत की बांग्लादेश, म्यांमार, पाकिस्तान और नेपाल-भूटान सीमाओं पर कुल 20,806 घुसपैठियों को पकड़ लिया गया। वहीं, जनवरी से नवंबर 2025 तक इन सीमाओं पर 3,120 घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया।
सबसे ज्यादा गिरफ्तारी भारत-बांग्लादेश सीमा पर
आंकड़ों के अनुसार, भारत-बांग्लादेश सीमा पर अब तक कुल 18,851 घुसपैठियों को पकड़ा गया। इसके अलावा भारत-म्यांमार सीमा पर 1,165, भारत-पाकिस्तान सीमा पर 556 और भारत-नेपाल-भूटान सीमाओं पर 234 घुसपैठियों को गिरफ्तार किया गया। जनवरी से नवंबर 2025 तक के महीनेवार आंकड़ों के अनुसार, भारत-बांग्लादेश सीमा पर 2,556, भारत-म्यांमार सीमा पर 437, भारत-पाकिस्तान सीमा पर 49 और भारत-नेपाल-भूटान सीमाओं पर 78 घुसपैठियों को पकड़ा गया। सरकार ने इस दौरान यह भी दोहराया कि 2025 में भारत-चीन सीमा पर किसी भी घुसपैठ का मामला दर्ज नहीं हुआ।
