सेना के काफिले पर घात लगाकर किया गया हमला, दो जवान शहीद, चार घायल
punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 10:10 PM (IST)

बिष्णुपुरः मणिपुर में बिष्णुपुर जिले के नाम्बोल में शुक्रवार को अज्ञात हथियारबंद लोगों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में 33 असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए और पांच अन्य घायल हो गए। जवान एक ट्रक में सवार होकर अपने एक कैंप की ओर जा रहे थे, तभी घात लगाकर हमला किया गया। हमले में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। हमले में चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क के किनारे एक खाई में गिर गया। आस-पास मौजूद नागरिकों ने जवानों की मदद की और उन्हें नाम्बोल स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर सभी घायलों को रिम्स ले जाया गया।
Two Assam Rifles personnel, including one JCO and one jawan, were killed in an attack by terrorists in the Bishnupur district of Manipur. Two jawans are injured. The terrorists escaped in a white van after attacking the vehicle in which the troops were travelling on a busy road.… https://t.co/UOgaDOEGGo
— ANI (@ANI) September 19, 2025
मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला ने हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने गहरा दुख व्यक्त किया और शहीद जवानों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने राष्ट्र की रक्षा में उनके अटूट साहस और समर्पण को नमन किया। उन्होंने एक संदेश में घटना में घायल हुए जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने दोहराया कि हिंसा के ऐसे जघन्य कृत्यों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और चेतावनी दी कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए उनका कड़ा मुकाबला किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन ने भी हमले की निंदा की। वह घायल जवानों का हालचाल जानने के लिए रिम्स पहुंचे। उन्होंने कहा, 'दो जवानों की शहादत और कई अन्य का घायल होना हम सभी के लिए एक गहरा आघात है।' उन्होंने शहीदों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पुलिस ने बताया कि असम राइफल्स के एक काफिले पर नाम्बोल सबल लेइकाई में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने हमला किया। आसपास के लोगों ने पुलिस को इस हमले की सूचना दी।
पीआईबी रक्षा शाखा ने एक बयान में कहा, '19 सितंबर 2025 को शाम लगभग 5:50 बजे, असम राइफल्स की एक वाहन-आधारित टुकड़ी, मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के नाम्बोल सबल लेइकाई के बसे हुए इलाके से अंधेरे में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर आगे बढ़ रही थी। इस टुकड़ी पर राजमार्ग पर, गैर-अधिसूचित क्षेत्र में अज्ञात आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया। इस कारर्वाई में, असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए और पांच घायल हो गए। घायलों को इम्फाल के रिम्स में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है। अभी तक किसी भी समूह ने इस घटना की ज़म्मिेदारी नहीं ली है। घटना के ज़म्मिेदार आतंकवादियों को पकड़ने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।