आंध्र प्रदेशः रोड शो में CM जगन मोहन रेड्डी पर पथराव, माथे में चोट लगने से हुए घायल

punjabkesari.in Sunday, Apr 14, 2024 - 06:10 AM (IST)

नेशनल डेस्कः आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में अपनी पार्टी वाईएसआरसीपी के लिए प्रचार कर रहे मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी पर शनिवार को अज्ञात व्यक्तियों ने पथराव किया जिसमें वह घायल हो गये। मुख्यमंत्री कार्यालय ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री के ‘मेमंता सिद्धम (हम बिल्कुल तैयार हैं)' नामक चुनाव प्रचार के दौरान उन पर पत्थर फेंके गए और एक पत्थर उनकी आंख से ऊपर ललाट पर लगा एवं वह घायल हो गए। 

मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी बयान में कहा गया है, ‘‘मुख्यमंत्री जब अपने बस टूर के दौरान सिंह नगर के विवेकानंद स्कूल सेंटर में भीड़ का अभिवादन कर रहे थे तब उन्हें पत्थर आ लगा।'' यह पत्थर बड़ी तेजी से आया और रेड्डी को लगा। अधिकारियों को संदेह है कि पत्थर गुलेल से फेंका गया होगा। पत्थर लगने के बाद बस के ऊपर उनके साथ खड़े लोगों ने शुरू में रूमाल से उनका ललाट पोछा। बस के अंदर एक डॉक्टर ने तत्काल उनका प्राथमिक उपचार किया। इस घटना के बावजूद मुख्यमंत्री ने शहर में अपना टूर जारी रखा और चार घंटे तक प्रचार किया। 

इस बीच वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया कि इस ‘‘हमले'' के पीछे तेदेपा (तेलुगु देशम पार्टी) का हाथ है। रेड्डी 21 दिन के इस बस टूर पर हैं। राज्य में 175 सदस्यीय विधानसभा तथा 25 लोकसभा सीट के लिए चुनाव है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News